
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) द्वारा कराई जाने वा ली कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) की रिटन एग्जाम की तारीख आगे बढ़ गई है। पहले 5 व 22 मई को होने वाली यह परीक्षा अब अगस्त में होगी। इससे पहले, परीक्षा के लिए नामांकन भरने में हो रही दिक्कतों को देखते हुए नामांकन भरने की अंतिम तिथि को बार-बार बढ़ाना पड़ा था। जिन उम्मीदवारों ने इस कारण देर से नामांकन भरा था, वे अब मिल रहे अतिरिक्त समय का इस्तेमाल बेहतर तैयारी के लिए कर सकते हैं।
इस बार से सीजीएल एग्जाम को पूरी तरह ऑनलाइन भी किया जा रहा है। इसके लिए पर्याप्त प्रबंध करने की खातिर ही आयोग ने अतिरिक्त समय लिया है।
क्या करें इस समय में?
- इस अतिरिक्त समय में आप प्रिलिम्स व मेन्स दोनों के लिए तैयारी कर सकते हैं।
- चूंकि परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन करने की योजना है, तो इस बात की पूरी संभावना है कि प्रिलिम्स व मेन्स के बीच काफी कम गैप रह जाएगा। इसलिए यह और भी जरूरी है कि आप अभी से प्रिलिम्स के साथ-साथ मेन्स के लिए भी तैयारी करें। अपने समय को इन दोनों के बीच सही तरह से बांट लें।
- इस अतिरिक्त समय में होने वाली समसामयिक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को भी नोट करते चलें क्योंकि
इन पर आधारित प्रश्न भी परीक्षा में पूछे जा सकते हैं। अखबार, टीवी, इंटरनेट आदि के माध्यम से इन घटनाओं से अवगत रहें।
- तैयारी के लिए अच्छी किताबों को तलाशें और उन्हें पढ़ें। विभिन्ना स्रोतों से मॉक क्वेश्चन पेपर भी तलाशते रहें।
- यदि आपको लगता है कि आपको परीक्षा के लिए मार्गदर्शन की जरूरत है, तो आप एकाध महीने के लिए किसी कोचिंग क्लास को जॉइन कर क्रैश कोर्स भी कर सकते हैं। इससे आपकी सोच का विस्तार होगा और आप घुमावदार प्रश्नों को हल करने की नई ट्रिक्स व तकनीकें सीख पाएंगे।
- इस दौरान मॉक टेस्ट लगातार देते रहें। यह बराबर देखते चलें कि आपको कितने प्रश्नों को हल करने में कितना समय लगता है। कोशिश करें कि प्रश्नों को हल करने में लगने वाला समय लगातार कम होता जाए।
- जिस पेपर में आप स्वयं को कमजोर महसूस करते हैं, उसकी तैयारी पर विशेष ध्यान दें। इस विषय
के बेसिक्स पर फोकस करें, ताकि आपकी कमजोरी जड़ से खत्म हो।
- यदि आपके मित्र भी यह परीक्षा देने जा रहे हैं, तो आप उनके साथ ग्रुप स्टडी भी कर सकते हैं। ऐसे में आपके डाउट क्लियर करने में वे भी मदद कर सकते हैं।
- इंग्लिश लैंग्वेज पेपर में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए नियमित रूप से राइटिंग और रीडिंग प्रेक्टिस करते रहें। अपनी वोकैबुलरी में नए-नए शब्द शामिल करते चलें। साथ ही अपनी सेंटेंस फॉर्मेशन स्किल में सुधार लाते जाएं।
- जो उम्मीदवार कम्प्यूटर पर काम करने के अभ्यस्थ नहीं हैं और ऑनलाइन एग्जाम प्रक्रिया से अवगत नहीं हैं, उन्हें इस अतिरिक्त समय में कम्प्यूटर बेसिक्स अच्छी तरह सीख लेने चाहिए। इसके लिए वे कोई शॉर्ट टर्म कम्प्यूटर कोर्स भी जॉइन कर सकते हैं।
- कुल मिलाकर, सीजीएल पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को मिला यह एक्सट्रा टाइम परीक्षा की बेहतर तैयारी करने में उनकी मदद ही करेगा। वे इस दौरान किसी विषय को लेकर अपने भीतर समाया डर दूर कर सकते हैं और अभ्यास कर उसकी बेहतर तैयारी कर सकते हैं। अपनी कमजोर कड़ी पर फोकस करके वे अपने चयन की संभावना को बढ़ा सकते हैं।