LIVE HBSE 12th results 2020 DECLARED: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने 12वीं बोर्ड कक्षा (इंटरमीडिएट) का रिजल्ट घोषित कर दिया है। बोर्ड ने आंकड़ा जारी करते हुए बताया कि 83.34% स्टूडेंट्स इस बार पास हुए हैं। बता दें कि बोर्ड पहले 1 बजे रिजल्ट घोषित करने वाला था, लेकिन बाद में रिजल्ट घोषणा का समय बढ़ा दिया गया। बोर्ड ने बताया कि रिजल्ट बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट bseh.org.in पर जारी किया गया।
बोर्ड द्वारा रिजल्ट की घोषणा के साथ जानकारी दी गई कि इस बार 12वीं की परीक्षा में कुल 2 लाख 12693 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 1 लाख 70 हजार से ज्यादा बच्चे पास हुए हैं। जबकि 32 हजार से ज्यादा बच्चों को कंपार्टमेंट आई है वहीं 9451 छात्र फेल हुए हैं। इस तरह से इस बार 12वीं का रिजल्ट 83.34% रहा। ये पिछले साल की तुलना में काफी बेहतर है। वर्ष 2019 में हरियाणा 12वीं का रिजल्ट 74.48% रहा था, ऐसे में रिजल्ट में करीब 9% का सुधार हुआ है। बहरहाल रिजल्ट की घोषणा के साथ ही हरियाणा में 12वीं के रिजल्ट का इंतजार कर रहे सवा 2 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं का इंतजार भी समाप्त हो गया।
मनीषा बनीं प्रदेश की टॉपर
महेंद्रगढ़ की मनीष ने 500 में से 499 अंक पाते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं हिसार की मोनिका और सिरसा की अमनदीप कौर (497-497 अंक) संयुक्त रुप से दूसरे और रेवाड़ी की वर्षा (495 अंक) तीसरे स्थान पर रहीं।
लड़कियों का रिजल्ट लड़कों से बेहतर
इस बार हरियाणा 12वीं के रिजल्ट में लड़कियों का रिजल्ट लड़कों से बेहतर रहा। कुल 83.34% रिजल्ट में लड़कियों का पासिंग परसेंटेज 86.30 रहा, जबकि लड़कों का रिजल्ट 75.06% रहा। ऐसे में लड़कियों ने लड़कों को काफी पीछे छोड़ा है। पिछले साल भी लड़कियां ही आगे रही थी। 2019 में लड़कियों का रिजल्ट 82.58% रहा था जबकि 68.01% लड़के पास हुए थे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 4 से 31 मार्च 2020 के बीच आयोजित होनी थी, लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण और लॉकडाउन के कारण परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया। बाद में बोर्ड ने इसके आयोजन की कोशिश की लेकिन आखिरकार शेष बची परीक्षाएं निरस्त कर दी गई।
BSEH के सचिव राजीव प्रसाद ने पुष्टि करते हुए बताया कि 12वीं के रिजल्ट की घोषणा 21 जुलाई मंगलवार को होगी। उन्होंने बताया कि 12वीं की परीक्षा कोरोना वायरस महामारी के कारण प्रभावित हुई थी और बाद में शेष बचे पेपर रद्द करना पड़े, लेकिन औसत अंक के आधार पर अब बोर्ड ने रिजल्ट जारी किए हैं। बता दें कि रद्द हुए पेपरों में आयोजित हो चुके पेपरों के औसत अंक दिए गए हैं।
LIVE HBSE 12th results 2020 DECLARED: इन विषयों के पेपर हुए रद्द
लॉकडाउन के कारण 12वीं कक्षा के कई विधाओं के पेपर नहीं हो पाए थे। इनमें केमिस्ट्री, ज्योग्राफी, बायोटेक्नोलॉजी, पॉलिटिकल साइंस, कंप्यूटर साइंस, आईटीआईएस, हिस्ट्री, लाइफ साइंस, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेटर, एग्रीकल्चर, साइकोलॉजी, संस्कृत, उर्दू, हिंदुस्तानी म्यूजिक, फिलॉसफी, सोशियोलॉजी, स्टेनोग्राफर, बैंकिंग एंड ऑटोमोबाइल आईटी और आईटीइएस की परीक्षाएं शामिल हैं, जो रद्द कर दी गई। अब इन्हीं विषयों में औसत अंक दिए गए हैं।
LIVE HBSE 12th results 2020 DECLARED: ऐसे चेक करें रिजल्ट
12वीं कक्षा का रिजल्ट चेक करने के लिए परीक्षार्थी को ये प्रक्रिया अपनानी होगी।
- सबसे पहले हरियाणा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जाएं
- होम पेज पर निर्धारित स्थान पर मांगी गई जानकारी फीड करें
- जानकारी भरने के बाद सबमिट करें
- स्क्रीन पर रिजल्ट डिस्प्ले हो जाएगा
- यहां परीक्षार्थी अपना रिजल्ट देखने के साथ ही उसे डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकाल सकते हैं
LIVE HBSE 12th results 2020 DECLARED: 10वीं का रिजल्ट हो चुका जारी
HBSE पिछले सप्ताह ही 10वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर चुका है। 10वीं में 64.59% छात्र-छात्राएं पास हुए। ये परिणाम पिछले 4 सालों में सबसे बेहतर रहा। 10वीं कक्षा में ऋषिता ने 500 में से 500 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में टॉप किया था। 10वीं में 3 लाख 37691 बच्चों में से 2 लाख 18120 बच्चे पास हुए, जबकि 32501 परीक्षार्थियों को कम्पार्टमेंट आई। वहीं 87070 परीक्षार्थी फेल हुए।