
इस बात पर बहस लंबे समय से चल रही है कि देश के सर्वश्रेष्ठ बिजनेस स्कूल्स से ली गई मैनेजमेंट की डिग्री सफल एंटरप्रेन्योर बनने में कितनी और कैसे काम आती है। इस मुद्दे के पक्ष और विपक्ष दोनों ही में तर्क दिए जाते हैं। इसमें कोई शक नहीं कि बिजनेसमैन की वर्तमान पीढ़ी उच्च शिक्षित है और इनमें से अध्ािकांश के पास टेक्निकल व मैनेजमेंट डिग्रियां हैं। ऐसा कहा जाता है कि क्लास में पढ़ाई जानी वाली थ्योरी कभी भी काम करते हुए हासिल किए गए व्यवहारिक ज्ञान की जगह नहीं ले सकती। मगर यदि हम भारत के सर्वश्रेष्ठ मैनेजमेंट संस्थानों के करिकुलम को देखें, तो पाएंगे कि इनमें फोकस केवल किताबी ज्ञान पर नहीं होता, बल्कि विद्यार्थियों
के एंटरप्रेन्योरशिप पोटेंशियल को निखारने पर भी होता है। तो चलिए, इस बात पर बिंदुवार नजर डालते हैं कि किसी टॉप बिजनेस स्कूल में पढ़ने पर आपको क्या मिलता है।
एक्सपोजर
बिजनेस स्टडीज एंड एडमिनिस्ट्रेशन प्रोग्राम्स आपको मौजूदा बिजनेस शैलियों, मार्केट रिसर्च डेटा, रियल टाइम तथा तथ्यात्मक केस स्टडीज का एक्सपोजर देते हैं, जो बेहद मूल्यवान साबित होता है। इन मॉडल्स और ट्रैंड्स के बारे में अच्छी तरह जानकर आप इन्हें अपने बिजनेस पर लागू कर सकते हैं। एक प्रकार से यह दूसरों की गलतियों से सीखने के समान होगा। किसी टॉप बिजनेस संस्थानके विद्यार्थी होने के नाते आपका एक्सपोजर देश तक सीमित भी नहीं रहेगा।
टेक्नोलॉजी
हम बेहद तेज रफ्तार दुनिया में जी रहे हैं और जहां तक बात नई व इनोवेटिव टेक्नोलॉजी की है, तो हम चल ही नहीं रहे, बल्कि दौड़ रहे हैं। किसी टॉप बिजनेस स्कूल के विद्यार्थी होने के नाते आपको विभिन्ना नए टू्ल्स व टेक्नोलॉजीस को समझने और उनके साथ प्रयोग करने का अवसर मिलता है। ऐसे सॉफ्टवेयर, जो मैथमेटिकल मॉडलिंग को सरल बना दें और स्मार्ट प्रेजेंटेशन को वास्तविकता में बदल दें, आपको अपना बिजनेस शुरू करने में काफी मदद कर सकते हैं। ऐसी छोटी-छोटी बातों से आपके कामकाज को एक प्रोफेशनल टच मिल जाता है।
स्किल्स
किसी टॉप बिजनेस स्कूल में जाने से यह भी सुनिश्चित हो जाता है कि आपकी सॉफ्ट स्किल्स में निखार आएगा,
जैसे पब्लिक स्पीकिंग, इंटर-पर्सनल कम्युनिकेशन, क्रिएटिविटी, लीडरशिप आदि। ये स्किल्स उन लोगों के लिए बहुत मायने रखती हैं, जो अपना बिजनेस चलाते हैं और रोजाना कई लोगों से डील करते हैं, फिर चाहे वे कर्मचारी हों, क्लाइंट हों या वेंडर आदि हों।
सही लोगों से मुलाकात
किसी अच्छे इंस्टीट्यूट में पढ़ते हुए आपको कई प्रसिद्ध हस्तियों से मिलने का मौका मिलता है। ये हस्तियां विजिटिंग फैकल्टी या गेस्ट प्रेजेंटर के तौर पर वहां आ सकती हैं। फिर, यह भी संभव है कि आपको अपने सहपाठियों में से ही कोई भावी बिजनेस पार्टनर मिल जाए! सर्वश्रेष्ठ एमबीए कॉलेज देश की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को आकर्षित करते हैं। इसलिए यहां आपकी जान-पहचान ऐसे प्रतिभाशाली लोगों से होने की संभावना काफी अधिक रहती है। यह जान पहचान किसी-न-किसी रूप में काम ही आती है।
सेना और बीएसएफ में निकलीं सैंकड़ों रिक्तियां
साख मायने रखती है
इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि किसी टॉप बिजनेस स्कूल से डिग्री लेकर जब आप सबको उस बिजनेस स्कूल का नाम बताएंगे, तो एंटरप्रेन्योर के तौर पर आपकी प्रामाणिकता भी बढ़ जाएगी। इससे आपके साथ डील करने वाली पार्टियों का आपके प्रति विश्वास बढ़ेगा। कुल मिलाकर, देश के किसी दिग्गज बिजनेस स्कूल से मैनेजमेंट की डिग्री लेना फायदे का ही सौदा होता है क्योंकि यहां आपको केवल किताबी ज्ञान ही नहीं मिलता, बल्कि इससे कहीं अधिक लाभ प्राप्त होता है।