
तनाव और दबाव भरे माहौल में सबसे मुश्किल कामों में से एक है, खुद को शांत रखना। अगर आपमें यह गुण है, तो आप अपने करियर में भी कई मुश्किलों से पार पा लेंगे।
लड़ाई-झगड़ा नहीं
अगर आप लोगों को बदल नहीं पा रहे हैं, तो उनसे लड़ें-झगड़ें नहीं। खुद को शांत रखें और होने दें जो हो रहा है। बस, चुप होकर वहां से हट जाएं। एक बात याद रखें कि आप सही हैं या गलत, इसका फैसला कोई नहीं कर सकता। हर इंसान खुद को सही मानता है। कभी सोचा है कि जब आप किसी से झगड़ रहे होते हैं, तो आपको लगता है कि सामने वाला गलत है और सामने वाले को भी यही लगता है कि आप गलत हैं। अब जरा पक्ष बदलकर देखें। आपकी जगह सामने वाला हो और सामने वाले की जगह आप, तो क्या झगड़ा बंद हो जाएगा? शायद नहीं।
गहरी सांस
जब कभी क्रोध आए, तो गहरी सांस भरें, फिर तेजी से छोड़ें। फिर यही प्रक्रिया धीरे-धीरे करें। आप एक आश्चर्यजनक परिवर्तन देखेंगे। आपका गुस्सा कुछ ही देर में कम हो जाएगा।
गुस्से में प्रतिक्रिया नहीं
तुरंत किसी की बात पर प्रतिक्रिया न दें, खासकर तब जब आप क्रोध में हों। अक्सर हम क्रोध में ऐसे निर्णय ले लेते हैं, जिन पर हमें बाद में पछताना पड़ता है। इसलिए कुछ गलत करने से पहले कई बार सोचें और सोचने के बाद भी गलत निर्णय न लें।
हंसें-मुस्कुराएं
हम सभी को हंसता-मुस्कुराता चेहरा पसंद होता है। अगर आपका चेहरा उदास या परेशान होगा, तो यह बात तय है कि आपसे कोई बात करना तो दूर, शायद देखना भी नहीं चाहेगा। हंसना-मुस्कुराना एक संक्रामक चीज है। आपने अक्सर देखा होगा कि जब कोई हंसता है तो उसे देखने मात्र से हंसी आ जाती है। भले ही हमें कारण पता हो या न हो।