
जहां एक ओर अनुभवी लोग महत्वपूर्ण पदों पर होते हुए अहम जिम्मेदारियां संभालते हैं, वहीं इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि नई पीढ़ी के कर्मचारी उनके हर काम में बराबर की मदद करते हैं। आज का युवा ठहरता नहीं है, वह लगातार आगे बढ़ते रहना चाहता है। ऐसे में कॉलेज या ट्रेनिंग पूरी होते ही वह जॉब की तलाश करने लगता है। बेहद कम उम्र में सफलता का परचम फहराने वाले इन प्रोफेशनल्स को कई बार असफलता का स्वाद चखने के साथ ही वर्कप्लेस पर तमाम प्रकार की चुनौतियों का सामना भी करना पड़ता है। इसलिए जरूरी है कि वे खुद को बेहद मजबूत बनाने के बाद ही प्रोफेशनल लाइफ में कदम रखें।
युवा हैं पहली पसंद
प्लेसमेंट ड्राइव के जरिए कई कंपनियां कॉलेज के युवाओं को अपने यहां नियुक्त करती हैं। इसका कारण होता है नई पीढ़ी के लोगों की ऊर्जा, रचनात्मकता और सोचने-समझने का नया तरीका। वे किसी भी तरह के प्रयोगों से नहीं घबराते हैं और उन्हें ट्रेन करना भी काफी आसान होता है। उनका दिमाग बिल्कुल ताजा होने के कारण कंपनियां उन्हें अपने अनुसार बहुत जल्द ढाल लेती हैं। इसके अलावा, उनके पास घर-परिवार की जिम्मेदरियां अमूमन उतनी नहीं होती हैं, जितनी दूसरों के पास होती हैं। युवा प्रोफेशनल्स में सीखने का जज्बा भी होता है, जिसके बलबूते वे हर नई तकनीक और काम को बहुत जल्द समझ लेते हैं। इसका फायदा यह होता है कि अगर कोई काम करने में सीनियर्स असहज महसूस कर रहे हों, उसकी जिम्मेदारी जूनियर्स के हाथों में दे दी जाती है। ऐसा होने से वे काम व कंपनी के प्रति और निष्ठावान हो जाते हैं। फिर भी आगे बढ़ने के लिए उन्हें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना ही पड़ता है।
मजबूत हों इरादे
उम्र या अनुभव कम होने से आपके इरादों में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। अगर आप ठान लेंगे कि आपको कुछ कर दिखाना है, तो लोगों का विश्वास भी बहुत जल्द पा लेंगे। लोगों की नजर में अपनी पहचान बनाने के लिए ध्यान में रखें ये बातें:
- अपने बहुमूल्य समय का भरपूर फायदा उठाएं। उसे बर्बाद करने के बजाए नया सीखने और संपर्क बनाने में लगाएं। इससे आपको न सिर्फ अपने आज में फायदा मिलेगा, बल्कि आपका कल भी बहुत बेहतर बन सकेगा।
- जहां भी कुछ समझ न आ रहा हो, तो सीनियर्स से उसे बारे में पूछने से न घबराएं। अपनी ईगो को अलग रखकर लोगों से संवाद कायम करें। यह भी ध्यान रखें कि कई मामलों में पहल आपको ही करनी पड़ सकती है। अगर सीनियर्स को लगेगा कि आपमें सीखने की ललक है, तभी वे आपको कुछ सिखाने या समझाने में रुचि लेंगे।
- हारने से कभी न घबराएं। सीढ़ी-दर-सीढ़ी चढ़ने से ही सफलता मिलती है। ऐसे में कई बार आप लड़खड़ा भी सकते हैं, पर संभल जाने में ही भलाई होती है। सब कुछ तुरंत हासिल नहीं हो जाता है, किसी जीत या तारीफ के लिए थोड़ा समय जरूर लगता है।
- हर नया सॉफ्टवेयर या तकनीक सीखें, जो आपके काम के लिए जरूरी हो। इससे आप नई टेक्नोलॉजी से अपडेट रह सकेंगे, जोकि बेहद जरूरी है।
- शुरूआत में सैलरी कम होने पर किसी को कोसने के बजाए मनी मैनेजमेंट की आदत डालें। इससे आपको कहीं भी रहने-खाने की दिक्कत नहीं आएगी। बहुत ज्यादा कंजूसी न करें, पर सही बजट बनाकर चलना बहुत जरूरी होता है।
- किसी पर भी आंख मूंदकर भरोसा न करें। जोश में इतना ज्यादा काम भी न ले लें कि उसे समय से पूरा न किया जा सके। हर दिन का एक टाइमटेबल और टारगेट निर्धारित करने से आपको काफी आसानी रहेगी।
- कभी भी शॉर्टकट न अपनाएं। सफलता के लिए हमेशा सही रास्ते पर ही कदम बढ़ाएं। बात-बात पर स्कूल-कॉलेज की तरह बहाने बनाने से बचें।
इस तरह नामी क्रिकेटर्स से पा सकते हैं ऑनलाइन कोचिंग
- अपनी क्षमताओं को पहचानें और उसी हिसाब से काम करें। जब आप इंडस्ट्री में नए होते हैं, तो आपसे उम्मीदें भी बहुत लगाई जाती हैं। उन पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करें।
- जहां भी काम कर रहे हों, वहां की नीतियों के बारे में अच्छे से जान लें, मसलन वहां की कार्यप्रणाली, आने-जाने का समय, अपने अधिकार आदि। हर जगह अच्छे और बुरे, दोनों ही तरह के लोग होते हैं। अगर ऑफिस के किसी व्यक्ति से आपको कोई समस्या हो, तो उसके बारे में किसी विश्वसनीय सीनियर से बात जरूर करें। अपने नैतिक आदर्शों से कभी समझौता न करें।
- दीपाली पोरवाल