यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ऑनलाइन एग्जाम में स्कोर करने के बेहतरीन टिप्स
ऑनलाइन परीक्षा में भी आप उतना ही अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं, जितना कि ऑफलाइन परीक्षा में करते आए हैं।
By Edited By:
Publish Date: Sat, 02 Apr 2016 06:08:21 PM (IST)Updated Date: Sat, 02 Apr 2016 06:15:58 PM (IST)

विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में नया ट्रैंड यह है कि ये अब ऑनलाइन होने लगी हैं। आईबीपीएस तथा अन्य बैंकिंग परीक्षाएं ऑनलाइन हो रही हैं। उधर कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) भी अपनी परीक्षाएं ऑनलाइन
कराने की प्रक्रिया में है।
इस बढ़ते चलन का कारण यह है कि ऑनलाइन परीक्षा कराना परंपरागत परीक्षा पद्धति के मुकाबले आसान है। इसके कई कारण हैं: इसमें प्रश्नपत्रों की छपाई नहीं करनी होती, उन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाना नहीं होता और न ही परीक्षा होने तक प्रश्नपत्रों की गोपनीयता की रक्षा करनी होती है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन परीक्षाओं में मुख्य अंतर यही है कि अब कलम की जगह माउज है और कागज की जगह कम्प्यूटर स्क्रीन। तो अब, जबकि ऑनलाइन एग्जाम का जमाना आ ही गया है और इस बात की प्रबल संभावना है कि भविष्य में अधिक से अधिक परीक्षाएं इसी पद्धति से होंगी, यह जरूरी है कि आप ऑनलाइन परीक्षा देने में सिद्धहस्त हो जाएं। इसके लिए इन बातों पर गौर करें:
जरूरी नहीं कम्प्यूटर एक्सपर्ट होना
ग्रामीण या अर्द्ध-शहरी पृष्ठभूमि के कई विद्यार्थी सोचते हैं कि ऑनलाइन परीक्षा में सफल होने के लिए कम्प्यूटर का अच्छा-खासा आध्ाारभूत ज्ञान होना जरूरी है। यह बात वास्तविकता से दूर है। ऑनलाइन परीक्षा काफी आसान होती है। आपको केवल दिए गए निर्देशों का पालन भर करना होता है।
विषय के ज्ञान पर फोकस
ऑफलाइन परीक्षा की तरह ऑनलाइन परीक्षा भी किसी विषय के बारे में आपके ज्ञान को ही परखती है। इसलिए
बेहतर होगा कि आप अपने विषय की पढ़ाई करें, बजाय इस बात की चिंता करने के, कि ऑनलाइन परीक्षा में क्या-क्या दिक्कत आ सकती है।
इंटरफेस से परिचित हों
ऑनलाइन एग्जाम में सफलता पाने का यह एक महत्वपूर्ण पहलू है। अगर आप ऑनलाइन एग्जाम पैटर्न से अच्छी तरह परिचित हैं, तो परीक्षा कक्ष में विषय पर ही फोकस करना आसान हो जाता है।
टाइम मैनेजमेंट
ऑनलाइन एग्जाम में टाइम मैनेजमेंट बड़ा महत्वपूर्ण हो जाता है। यहां सब कुछ कम्प्यूटर की घड़ी से ही संचालित होता है। इसलिए समझदारी से काम लेना और भी जरूरी है। बेहतर होगा कि आप पहले से ही सोचकर रखें कि आप सर्वप्रथम किस सेक्शन के उत्तर देंगे और फिर शेष सेक्शंस किस क्रम में हल करेंगे।
निर्देशों का बारीकी से पालन करें
ऑनलाइन परीक्षा में दिए गए निर्देशों का बिल्कुल ठीकठीक पालन करना बहुत जरूरी होता है। कारण यह कि कम्प्यूटर के मामले में किसी भी गलती को बाद में सुधारना बहुत मुश्किल होता है।