पर्सनल स्किल
चूंकि इंटीरियर डिजाइनिंग का क्षेत्र क्रिएटिविटी से ही जुड़ा है, इसलिए यहां कलात्मकता, रचनात्मकता, प्रबंधकीय दक्षता और नई-नई सोच रखने वाले लोगों की बहुत डिमांड है। इस क्षेत्र में आने के लिए तार्किक बुद्धि और कम्युनिकेशन स्किल भी अच्छी होनी चाहिए, क्योंकि इंटीरियर डिजाइनर को अक्सर अपनी प्लानिंग और हुनर को क्लाइंट के सामने प्रस्तुत भी करना होता है। टीम भावना भी इस फील्ड के लिए बहुत जरूरी है, क्योंकि डिजाइनर्स को बिल्डर्स, आर्किटेक्ट, कॉन्ट्रैक्टर्स, प्लंबर, कारपेंटर, इलेक्ट्रिशियन आदि के साथ सामंजस्य बिठाकर काम करना होता है। कुशल प्रोफेशनल बनने के लिए बदलते ट्रैंड के अनुसार काम में बदलाव भी लाते रहना जरूरी होता है।
कोर्स व क्वॉलिफिकेशन
इंटीरियर डिजाइनर्स की डिमांड इतनी है कि देश भर में अनेक सरकारी और निजी संस्थानों में इसके डिग्री, पीजी डिप्लोमा और डिप्लोमा कोर्स संचालित हो रहे हैं। मैनेजमेंट एंड डिजाइन एकेडमी, दिल्ली के डायरेक्टर रोहित माथुर के अनुसार, आप 12वीं के बाद इस तरह का कोर्स कर सकते हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश एंट्रेंस एग्जाम के जरिए मिलता है। इंटीरियर डिजाइनिंग अपने आप में एक स्पेशलाइज्ड कोर्स है, जिसमें बिल्डिंग की आंतरिक और बाहरी साज-सज्जा, प्लानिंग और बनावट के हिसाब से बेहतर लुक देने के बारे में युवाओं को सिखाया जाता है। मगर आप चाहें, तो ऑफिस डिजाइनिंग, बिजनेस डिजाइनिंग, रूम डिजाइनिंग, किचन डिजाइनिंग या होम डेकोर में भी विशेषज्ञता हासिल कर सकते हैं।
सरकारी और निजी संस्थानों में कई तरह के कोर्स हैं, जैसे- बैचलर इन इंटीरियर डिजाइन, ग्रेजुएट डिप्लोमा इन
फर्नीचर एंड इंटीरियर, बीए ऑनर्स इंटीरियर आर्किटेक्ट एंड डिजाइन, ग्रेजुएट डिप्लोमा इन इंटीरियर स्पेस एंड
फर्नीचर डिजाइन, बीएससी इन इंटीरियर डिजाइनिंग, अंडर ग्रेजुएट प्रोफेशनल डिप्लोमा प्रोग्राम, एडवांस डिप्लोमा इन इंटीरियर डिजाइन, डिप्लोमा इन इंटीरियर डिजाइन आदि। कुछ पाठ्यक्रमों की अवधि 1 साल, तो कुछ की 3 साल या उससे अधिक भी है। कोर्स के दौरान प्रेक्टिकल पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है।
सैलरी पैकेज
इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स पूरा करने के बाद युवाओं को किसी अनुभवी प्रोफेशनल के साथ कुछ महीनों तक
प्रेक्टिस करके अनुभव हासिल करना चाहिए। शुरूआती दौर में फ्रेशर्स की सैलरी 15 हजार रुपए प्रति माह हो सकती है लेकिन कुछ वर्षों के अनुभव के बाद ऐसे प्रोफेशनल्स 50 हजार से 1 लाख रुपए प्रति माह तक कमा लेते हैं। खुद का काम करके भी प्रोफेशनल्स अच्छी कमाई कर सकते हैं।