
शत्रुघन केशरवानी, नईदुनिया, सागर। सेना में चार वर्ष की सक्रिय सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने वाले अग्निवीरों के बेहतर करियर के लिए डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर ने पहल की है। विश्वविद्यालय कई ऐसे कोर्स चलाएगा जिससे सेवानिवृत्त अग्निवीरों को रोजगार मिल सके। खास बात यह है कि इसके लिए सेना के महार रेजिमेंटल सेंटर में ही कक्षा का संचालन किया जाएगा। सेना व विश्वविद्यालय के बीच इस संबंध में करार हो गया है।
इसके लिए विद्या परिषद की औपचारिक स्वीकृति मिलना बाकि है। बता दें कि एंटरप्रेन्योर एंड प्रोफेशनल कम्युनिकेशन का पाठ्यक्रम शुरू हो चुका है। इसकी पढ़ाई के लिए अग्निवीरों को नियमित विश्वविद्यालय नहीं आना है। उन्हें रेजिमेंट सेंटर में ही जाकर पढ़ाया जाएगा। केवल प्रायोगिक कक्षाओं के लिए सीमित अवधि के लिए उन्हें विश्वविद्यालय में आना होगा।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल का कहना है कि देश के सभी केंद्रीय विश्वविद्यालय में अभी सिर्फ डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय ही अग्निवीरों के लिए इस तरह की पढ़ाई करा रहा है। अभी यह सुविधा केवल महार रेजीमेंट के अग्निवीरों के लिए है। आगे सेवानिवृत्ति के बाद प्रवेश के इच्छुक अग्निवीरों के लिए भी इसे विस्तारित किया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश पर कोई बंधन नहीं है। डिप्लोमा में चार हजार रुपये और प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के लिए दो हजार रुपये का शुल्क तय हुआ है।
वहीं, डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता ने कहा कि महार रेजीमेंट जांबाज व कुशल सैनिक तैयार कर रही है। विश्वविद्यालय के रूप में हम अपनी भूमिका का निर्वाह करते हुए उन्हें शैक्षणिक, व्यवसायिक एवं तकनीकी दक्षता देंगे। सेवाकालीन अवधि में यह जवान अपनी शैक्षणिक योग्यता बढ़ाने के लिए पढ़ाई जारी रख सकेंगे और जब वह सेवानिवृत्त होंगे तो इस पढ़ाई और डिग्री के आधार पर नया करियर चुन पाएंगे।