
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने देश भर में फैली अपनी विभिन्न शाखाओं में जूनियर एसोसिएट तथा जूनियर एग्रीकल्चरल एसोसिएट पद पर भर्ती हेतु नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। कुल 17,000 रिक्तियों के लिए होने वाली परीक्षा में लाखों युवा शामिल होंगे। एसबीआई सार्वजनिक क्षेत्र का सबसे बड़ा और सबसे अधिक विस्तृत बैंक है, जिसके चलते इसके प्रति युवाओं का आकर्षण समझा जा सकता है। एसबीआई में क्लेरिकल कैडर में वेकेंसी निकलने का पिछले दो वर्षों से इंतजार कर रहे युवा, बैंक में स्थायी जॉब पाने के इस मौके को गंवाना नहीं चाहेंगे।
जाहिर है, कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते इस परीक्षा में सफल होकर एसबीआई में नियुक्ति पाना आसान नहीं होगा। इसके लिए परीक्षा के हर चरण में अलग रणनीति अपनानी होगी और हर चरण को गंभीरता से लेना होगा। जानते हैं कैसी हो इस परीक्षा में स्कोर करने की रणनीति।
प्रिलिम्स एग्जाम
सबसे पहली चुनौती है भर्ती प्रक्रिया का प्रवेश द्वार, यानी प्रिलिम्स। इसमें लाखों उम्मीदवार शामिल होंगे और जो कटऑफ मार्क्स प्राप्त करेंगे, वे ही मेन्स एग्जाम में बैठने के लिए पात्र होंगे। प्रिलिम्स में सफलता पाने के लिए इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है:
सबसे पहले तो आपको परीक्षा का सिलेबस अच्छी तरह पढ़ लेना चाहिए। इस परीक्षा में तीन पेपर होते हैं:
क्वॉन्टिटेटिव एप्टिट्यूड, लॉजिकल रीजनिंग और इंग्लिश लैंग्वेज। तैयारी शुरू करने से पहले तीनों पेपर्स के सभी
टॉपिक्स के बारे में जान लें। प्रिलिम्स एग्जाम में हर पेपर में कट-ऑफ मार्क्स हासिल करना जरूरी होता है। इसलिए यह जरूरी है कि आप तीनों ही पेपर्स को बराबर महत्व देते हुए पढ़ाई करें। ऐसा न हो कि आप जिस पेपर में कमजोर हैं, उसी की तैयारी पर फोकस करें और बाकी पेपर्स की तैयारी पर कम ध्यान दें। टाइम टेबल ऐसा बनाएं कि सभी पेपर्स की तैयारी को समान समय मिले।
प्रिलिम्स एग्जाम एक एंट्री-लेवल एग्जाम है। इसलिए इसके पेपर 'आसान" से 'सामान्य" की श्रेणी में होने की अपेक्षा है। इसमें उम्मीदवारों के मूलभूत ज्ञान को परखा जाएगा। इसलिए बेहतर होगा कि आप सारे विषयों के
बेसिक्स को पढ़ें। इसके लिए सेकंडरी स्तर की टेक्स्ट बुक्स पढ़ना अच्छा रहेगा। इस तरह आप विभिन्न विषयों
से जुड़े विचार और फॉर्मूले रिवाइज कर पाएंगे। पिछले साल के प्रश्नपत्रों और मॉक टेस्ट पेपर्स से प्रेक्टिस जरूर करें। आप पिछले वर्ष के आईबीपीएस क्लेरिकल एग्जाम के पेपर हल करने की भी प्रेक्टिस कर सकते हैं। इससे आपको प्रिलिम्स राउंड में पूछे जाने वाले प्रश्नों का स्तर पता चल जाएगा।
मेन्स रिटन एग्जाम
मेन्स रिटन एग्जाम प्रिलिम्स से बहुत अलग नहीं होती लेकिन इसमें दो और पेपर जुड़ जाते हैं। ये हैं जनरल अवेयरनेस तथा कम्प्यूटर नॉलेज। इनके सिलेबस के बारे में भी जान लेना ठीक रहेगा।
- प्रिलिम्स एग्जाम के परिणाम तथा मेन्स एग्जाम की तारीख के बीच ज्यादा समय नहीं होता। इसलिए बेहतर यही होगा कि आप प्रिलिम्स के साथ-साथ ही मेन्स की भी तैयारी शुरू कर दें। इसके लिए प्रिलिम्स के परिणाम आने की राह न देखें।
- मेन्स एग्जाम में आपकी टाइम मैनेजमेंट स्किल्स की भी परीक्षा होती है क्योंकि इसमें आपको 160 मिनट में 190 प्रश्न हल करने होते हैं। इसलिए बहुत जरूरी है कि आप प्रश्नों को हल करते हुए समय का भी ध्यान रखें। किसी भी प्रश्न पर ज्यादा सोच-विचार करने में समय जाया न करें।
- ऐसे प्रश्नों के उत्तर न ही दें तो बेहतर होगा, जिनके उत्तर को लेकर आप पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। कारण यह कि
इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग होती है।
- मेन्स एग्जाम में हासिल किए गए अंक खासा महत्व रखते हैं। ध्यान रहे, फाइनल मेरिट लिस्ट में 80 प्रतिशत वेटेज मेन्स रिटन एग्जाम में प्राप्त अंकों को ही दिया जाता है। इसलिए इस एग्जाम में अधिक से अधिक अंक लाने के भरपूर प्रयास करें। आपका फाइनल सिलेक्शन बहुत ज्यादा हद तक इसी पर निर्भर करेगा।
जानिए सफल एंटरप्रेन्योर बनने के लिए कितना जरूरी है बी-स्कूल
पर्सनल इंटरव्यू
पर्सनल इंटरव्यू राउंड चयन प्रक्रिया का आखिरी चरण होता है। इसमें प्राप्त अंकों को फाइनल मेरिट लिस्ट में 20 प्रतिशत वेटेज मिलता है। इसमें उम्मीदवारों को उनकी प्रॉब्लम हैंडलिंग स्किल्स और इंटरव्यू पैनल द्वारा पूछे गए प्रश्नों के प्रति रवैये के आधार पर परखा जाता है।
- इंटरव्यू के लिए खुद को मानसिक रूप से तैयार करना बहुत जरूरी है। कई लोगों में दूसरों से व्यक्तिगत संवाद स्थापित करने को लेकर एक भय होता है। यदि आपमें भी ऐसा भय है, तो उसे दूर कर लें। साथ ही, राष्ट्रीय व
अंतरराष्ट्रीय महत्व के हालिया घटनाक्रम पर लगातार नजर रखें।
- आप इंटरव्यू किस भाषा में देंगे, यह सोच-समझकर तय कर लें। वही भाषा चुनें, जिसमें आप सहज महसूस करते हों। आपने जिस क्षेत्र के लिए आवेदन किया है, वहां की क्षेत्रीय भाषा में आपकी निपुणता को भी परखा जाएगा।
- इंटरव्यू में पूरी ईमानदारी बरतें। खुद को वह दिखाने की कोशिश न करें, जो आप नहीं हैं। जीवन में अपनी उपलब्धियों और लक्ष्यों के बारे में बिल्कुल स्पष्ट रहें, ताकि आप इंटरव्यू पैनल को इनके बारे में स्पष्टता से बता सकें।