कई बार अपनी 'ड्रीम जॉब" पाने में ग्रुप डिस्कशन (जीडी) की बहुत बड़ी भूमिका होती है। इसके लिए आपको सदा
अपडेट तो रहना ही होता है, साथ ही आपकी बॉडी लैंग्वेज भी अच्छी होनी चाहिए। जानते हैं ग्रुप डिस्कशन में बेहतर स्कोर करने के लिए कुछ खास बातें...।
नजरें मिलाकर बात करें
ग्रुप डिस्कशन के दौरान किसी एक सदस्य की ओर फोकस न करें। बारी-बारी से सभी की ओर देखें। साथ ही सबसे नजरें मिलाकर बात करें।
ज्ञान जरूरी
जीडी में आप अपनी बात तभी रख पाएंगे, जब आप को जीडी वाले टॉपिक का ज्ञान हो। अगर ज्ञान नहीं है, तो आप अच्छी तरह से डिस्कशन नहीं कर पाएंगे।
दूसरों को भी बोलने दें
इस बात का जरूर ध्यान रखें कि जब दूसरा बोल रहा हो, तो उसे बीच में टोकें नहीं, चाहे आप उसकी बात से सहमत न भी हों। जब आपको मौका मिले, तब अपनी बात को विनम्रता के साथ कहें।
स्पष्ट बोलें
जो भी बोलें, बिल्कुल साफ बोलें, वरना सामने बाकी लोगों को या तो समझ नहीं आएगा या वे आपकी बात का कोई और मतलब निकाल सकते हैं। दोनों ही स्थितियों में नुकसान आपका होगा।
पटरी पर रहे डिस्कशन
ध्यान रखें कि जिस टॉपिक पर डिस्कशन हो रहा है, उससे भटकें नहीं। टॉपिक की थीम को ध्यान में रखकर उसी पर अपने विचार रखें।
सकारात्मक रवैया
सकारात्मक रवैया रखें और आत्मविश्वास बनाए रखें। मगर ध्यान रखें कि न तो आपको किसी को नीचा दिखाना है और न ही खुद को बहुत ज्ञानवान दर्शाना है। आपको बस, अपनी बात शेयर करनी है, न कि किसी को मानने के लिए मजबूर करना है।
बात में हो दम
आप जो भी बोलें, उसमें दम होना चाहिए। आपकी बात में अगर पॉइंट नहीं होगा, तो आप प्रभाव डालने से चूक जाएंगे।
दूसरों को गौर से सुनें
दूसरे जो बोल रहें हैं, उसे ध्यान से सुनें। इससे आपका ज्ञान बढ़ेगा और आप एक अच्छा डिस्कशन कर पाएंगे।