
सीबीएसई की ओर से इस साल यूजीसी नेट (नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट) 10 जुलाई को आयोजित होगा। ऐसे में अभ्यर्थियों के सामने तैयारी के लिए करीब दो माह का समय है। यदि सही रणनीति के साथ फोकस रखकर तैयारी की जाए, तो इस परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के साथ- साथ आप जूनियर रिसर्च फैलोशिप (जेआरएफ) व लेक्चरारशिप दोनों के लिए क्वॉलिफाई कर सकते हैं।
पेपर पैटर्न
यूजीसी नेट में कुल 3 पेपर होते हैं। पहला पेपर सभी के लिए अनिवार्य है। 100 अंकों के इस पेपर में टीचिंग एप्टिट्यूड, रिसर्च एप्टिट्यूड, रीजनिंग, डाटा इंटरप्रिटेशन, इंफॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी, कॉम्प्रिहेंशन तथा जनरल अवेयरनेस से जुड़े 60 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं। इनमें से सिर्फ 50 प्रश्न हल करने होते हैं। दूसरे और तीसरे पेपर के प्रश्न नेट के लिए चुने गए पीजी विषय पर आधारित होते हैं। दूसरे पेपर में सभी प्रश्न संबंधित विषय के ग्रेजुएशन और पीजी कोर्स से आते हैं, जिनमें 100 अंकों के कुल 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं। तीसरे पेपर में चयनित विषय के प्रश्न पीजी लेवल के कोर्स से पूछे जाते हैं। इस पेपर में 150 अंकों के 75 प्रश्न पूछे जाते हैं।
इन बातों का रखें खयाल
- नेट क्वॉलिफाई करने के लिए तीनों प्रश्नपत्रों में कट-ऑफ यानी सभी पेपर्स में न्यूनतम पासिंग मार्क्स पाना जरूरी है।
- ऐसे में अभ्यर्थी तीनों प्रश्नपत्रों को बैलेंस में रखकर तैयारी करें, ताकि तीनों प्रश्नपत्रों में औसत से ज्यादा अंक हासिल हो सकें।
- जेआरएफ के लिए प्रतिस्पर्ध्ाा कड़ी होती है, इसलिए इसमें और ज्यादा मेहनत करने की जरूरत होती है। ऐसे में कोशिश करें कि परीक्षा में मिनिमम क्वॉलिफिकेशन मार्क्स 65 प्रतिशत से ज्यादा ला सकें।
आईएएस एग्जाम की तैयारी से बनता है 'ऑल इंडिया आउटलुक'
ऐसे करें तैयारी
- विद्यार्थी जनरल अवेयरनेस तथा परसेप्शन पर आधारित प्रश्नों की तैयारी के लिए रोजाना अखबार गंभीरता से पढ़ें।
- टीचिंग एप्टिट्यूड, रीजनिंग तथा कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी के प्रश्नों को समझने के लिए बीते वर्षों के प्रश्नपत्र हल करें। इससे आप निर्धारित समय-सीमा में प्रश्नों को हल करने की आदत डाल सकेंगे।
- नेट में चयनित विषय की तैयारी के लिए ग्रेजुएशन तथा पोस्ट ग्रेजुएशन की पाठ्य पुस्तकों का गहन अध्ययन करें, सिलेक्टिव होकर पढ़ाई बिल्कुल न करें।
- कोशिश करें कि विषय की टेक्स्ट बुक्स का परीक्षा से पहले कम से कम तीन से चार बार रिविजन जरूर कर लें।
- जो अभ्यर्थी गणित की पृष्ठभूमि से नहीं हैं, वे पहले प्रश्नपत्र की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन के लिए किसी सीनियर या कोचिंग संस्थान की भी मदद ले सकते हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां:
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : 12 मई, 2016
- परीक्षा की तिथि : 10 जुलाई, 2016
- अधिक जानकारी : www.cbsenet.nic.in