
हाल ही में बैंकिंग सेक्टर ने क्लेरिकल तथा ऑफिसर स्तर के लिए बड़ी संख्या में रिक्रूटमेंट नोटिफिकेशंस निकाले हैं। रिजर्व बैंक सहित तमाम बैंक अब हर साल ही नोटिफिकेशन निकाल रहे हैं। कई युवाओं को एक से अधिक बैंक से जॉब ऑफर आ जाता है और फिर उनके सामने यह सवाल उठ खड़ा होता है कि वे इनमें से किसे चुनें। यहां एक गलत निर्णय उनके करियर को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है, जबकि एक सही निर्णय उनका जीवन संवार सकता है।
एक ओर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) हर साल असिस्टेंट पद के लिए नोटिफिकेशन निकालता है, वहीं प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) पद के लिए आईबीपीएस तथा एसबीआई परीक्षाएं कराते हैं। बैंकिंग में करियर बनाने के इच्छुक युवा इन सभी परीक्षाओं में अपना भाग्य आजमाते हैं। ऐसे में जब उनका चयन दोनों जगह हो जाता है, तो उन्हें यह फैसला करना होता है कि वे सार्वजनिक क्षेत्र के किसी बैंक में ऑफिसर बनें या फिर रिजर्व बैंक में क्लर्क। चलिए, देखते हैं कि इन दोनों जॉब्स के क्या सकारात्मक और नकारात्मक पक्ष हैं।
आरबीआई असिस्टेंट
वेतन व भत्ते: आरबीआई असिस्टेंट की आरंभिक सैलरी तमाम कटौतियों के बाद लगभग 22,000 रुपए प्रति माह ठहरती है। इसके अलावा उसे कई तरह के भत्ते भी मिलते हैं, जैसे बुक ग्रांट, परिवहन भत्ता, ब्रीफकेस ग्रांट, मेडिकल ग्रांट, आवासीय क्वॉर्टर आदि।
प्रमोशन: आरबीआई असिस्टेंट चाहें, तो ग्रेड-ए ऑफिसर बनने के लिए विभागीय परीक्षा दे सकते हैं मगर इससे पहले उन्हें बैंक में कम से कम 5 वर्ष की सेवा देना अनिवार्य है। इसके बाद हर 5 साल बाद परीक्षा होती है लेकिन कम रिक्तियों के कारण बाद में तरक्की की सीढ़ियां चढ़ना जरा मुश्किल होता है।
काम का दबाव: केंद्रीय बैंक होने के कारण रिजर्व बैंक में क्लेरिकल स्तर पर वर्क प्रेशर अन्य बैंकों की तुलना में बहुत कम होता है। साथ ही, यहां आपको रोज-ब-रोज ग्राहकों से भी डील नहीं करना होता। और तो और, आरबीआई में 'फाइव-डे वीक" होता है व काम के घंटे भी तय हैं। यहां कभी-कभार ही देर तक ऑफिस में रुकने की नौबत आती है।
सामाजिक रुतबा: रिजर्व बैंक का नाम ही आपको समाज में सम्मान दिलाता है, भले ही आप इसमें किसी भी पद पर काम कर रहे हों। अगर आप बैंकर बनने का इरादा रखते हैं और अपने गृह राज्य में ही रहना चाहते हैं, तो यह आपके लिए आदर्श जॉब है।
पोस्टिंग: आरबीआई की सबसे अच्छी बात है इसकी पोस्टिंग्स। यहां आपकी पोस्टिंग मेट्रो शहरों या राज्यों की राजधानियों में ही होती है क्योंकि आरबीआई के कार्यालय इन्हीं शहरों में होते हैं।
जॉब प्रोफाइल: आरबीआई में असिस्टेंट के रूप में आपको तमाम क्लेरिकल काम करने होते हैं, जैसे डाक संभालना, आरटीआई आवेदनों के जवाब ड्राफ्ट करना, फाइलें मेंटेन करना आदि।
बैंक पीओ
वेतन व भत्ते: जाहिर है, बैंक ऑफिसर्स के वेतन-भत्ते आरबीआई असिस्टेंट के मुकाबले कहीं अधिक होते हैं। यहां आपको कई तरह के भत्ते मिलते हैं, जैसे परिवहन भत्ता, मकान किराया भत्ता, ब्रीफकेस ग्रांट, न्यूजपेपर अलाउंस, इंटरनेट अलाउंस, चिकित्सा सुविधाएं आदि।
जॉब प्रोफाइल: यह एग्जीक्यूटिव-लेवल जॉब है, इसलिए आपमें अच्छी निर्णय क्षमता होनी चाहिए। यहां मुश्किल परिस्थितियों में आपको त्वरित निर्णय लेने होते हैं। आपको रिसीप्ट, पेमेंट, कैश वेरिफिकेशन, एटीएम कैश रेप्लेनिशमेंट, एफडी आदि से जुड़े नियमित काम करने होते हैं। साथ ही आपको अपने उच्चाधिकारियों से सामंजस्य बनाते हुए काम करना होता है। क्रेडिट ऑफिसर के रूप में आपको बैंक के लोन डिपार्टमेंट का काम देखना होता है।
पोस्टिंग: आरामतलब नौकरी की चाह रखने वाले युवाओं के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में पोस्टिंग एक समस्या होती है। आपका तबादला कभी भी किसी दूर-दराज के गांव-कस्बे में हो सकता है।
प्रमोशन: यहां प्रमोशन के भरपूर अवसर होते हैं। यदि आप अच्छे परफॉर्मर हैं, तो आप तरक्की की सीढ़ियां चढ़ते हुए बैंक के एमडी-सीईओ भी बन सकते हैं।
सामाजिक रुतबा: बैंक ऑफिसर का हमारे समाज में एक खास रुतबा होता है। पीओ के रूप में आप भी यह रुतबा और सम्मान पा सकते हैं।
काम का दबाव: एक बैंक ऑफिसर को अक्सर काफी दबावपूर्ण स्थितियों में काम करना होता है। यहां आपको समय पर निर्णय लेकर, अपने रिपोर्टिंग अथॉरिटी के सामने उन निर्णयों को सही भी ठहराना होता है।
डेयरी मैनेजमेंट में एमबीए करने के बाद यूं बनेगा आकर्षक करियर