हर्षल सिंह राठौड़, इंदौर। Lodhia Kund Indore: इंदौर से लोधिया कुंड तक की दूरी अगर आरामदायक सफर है, तो रोमांच की अनुभूति करने वालों के लिए भी यह बेहतर विकल्प भी है। लोधिया कुंड झरना प्राकृतिक स्थल है, जो भेरू घाट के पास स्थित है।
यह झरना अपने शांत और सुंदर वातावरण के लिए खासा लोकप्रिय है। यहां तक पहुंचने के दो रास्ते हैं। पहला रास्ता भेरू घाट की ओर जाता है जो अपेक्षाकृत आसान है। यह रास्ता आरामदायक है।
अगर आप रतबी पिकनिक स्पाट की ओर जाते हैं, तो वहां से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर लोधिया कुंड झरना स्थित है। आमतौर पर परिवार और नए पर्यटक इस रास्ते को पसंद करते हैं।
दूसरा रास्ता कालाकुंड जंगल से होकर जाता है। यह रास्ता उन लोगों को बहुत पसंद आता है, जिन्हें रोमांचक सफर की तलाश होती है। हालांकि, यह रास्ता नए ड्राइवरों और चार पहिया वाहनों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
जंगल का रास्ता कठिन होने के बावजूद आफ रोड राइडिंग के शौकीन लोग इसे चुनते हैं। दरअसल, यह उन्हें प्रकृति की गहराइयों में ले जाता है और रोमांच का एक अलग अनुभव प्रदान करता है। इस रास्ते पर अलग ही रोमांच महसूस होता है।
कालाकुंड के जंगल से होकर जाने वाला रास्ता थोड़ा कठिन और चुनौतीपूर्ण है। लिहाजा, राइडिंग के दीवानों के लिए बेहद अनुकूल रास्ता।- डॉ. सौरभ मोहंती, महू राइडर्स क्लब
लोधिया कुंड झरना अपने आकार और शांत वातावरण के लिए खासा पसंद किया जाता है। जब आप यहां पहुंचते हैं, तो आपके सामने एक शांत और मनमोहक दृश्य होता है। तटस्थ चट्टानों को पीछे छोड़ता हुआ बहता झरना यहां का पहला आकर्षण है।
वहीं, दूसरा आकर्षण चौड़े पाट पर बिछे पत्थरों पर से बहती बरसाती नदियों को पार करने का जुनून है। कई स्थान तो ऐसे हैं, जहां पानी इतना उथला है कि सतह के छोटे-छोटे पत्थरों को भी देखा जा सके।
हरियाली, शांत वातावरण और उस शांति को भंग करने की कोशिश में सुर छेड़ते परिंदे इस आनंद को गई गुना बढ़ा देते हैं। यह स्थान उन लोगों के लिए भी आदर्श है, जो शांति और प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं।
यहां का वातावरण इतना शांतिपूर्ण है कि यहां आकर व्यक्ति अपनी रोजमर्रा की चिंता और तनाव को भूल जाता है। खासकर मानसून के मौसम में, जब झरने का पानी अपने पूरे वेग में बहता है, तो इस जगह की खूबसूरती और भी निखर जाती है।