Long Hair Fashion : किसी को खुले बाल पसंद है,तो कोई बन (जूड़ा) बनाना चाहता है। कोई पोनी बनाकर खुश है, तो किसी को स्ट्रेटनिंग करवाना पसंद है। किसी ने महेंद्र सिंह धोनी के देखकर बाल बढ़ाएं,तो किसी ने रणवीर सिंह को। शहर के लड़के बाल बढ़ाकर उसमें तरह-तरह की हेयर स्टाइल एप्लाई कर रहे हैं। आज के समय में लड़कियों की तरह अधिकांश लड़कों को भी अपने लंबे और घने बाल पसंद होते हैं।
लंबी दाढ़ी मूंछ के साथ ही लंबे बाल भी ट्रेंड में है। लड़के न सिर्फ अपने बालों को कलर कराते हैं या स्टाइलिश रखना चाहते हैं। बन भी बनाने के शौकीन होते हैं। इससे उनका लुक काफी अलग नजर आता है। जमाना फैशनेबल है। लोग लाइफस्टाइल को लेकर तरह-तरह के एक्सपेरिमेंट करते हैं। हेयर स्टाइल से लेकर फेशियल हेयर तक नए अंदाज अपनाते हैं।
जमाना नया है, तो फैशन के मामले जेन्ट्स भी अब पहले जैसे लकीर के फकीर नहीं रह गए हैं। बदलते जमाने और दौर के साथ कदमताल करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। फैशन के मामले में पुरुष महिलाओं से पीछे नहीं है। लाइफस्टाइल के प्रति न्यू जेनरेशन का यह लगाव अपने पूर्ववर्तियों से बिल्कुल अलग है। आज भी लड़को में लंबे बालो का फैशन बरकरार है। लड़के अपने लुक के प्रति पहले की तुलना में ज्यादा सजग हो चुके हैं,जो कि लाइफस्टाइल और ग्रूमिंग की दुनिया में आया एक बड़ा बदलाव है।
गणेश नगर निवासी धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि मैने 2009 से अपने बाल बढ़ाएं हैं। बाल काफी लंबे हो गए हैं। मैंने महेंद्र सिंह धोनी को देखकर बाल बढ़ाए। बीच में एक दो बार बाल कटवाए भी,लेकिन मुझे लंबे बालों वाला लुक ही पसंद आने लगा है। इतने सालों से हर किसी को मुझे लंबे बालों में देखने की आदत हो गई है। मैं बालों की केयर भी करता हूं। इसमें अलग-अलग तरह की हेयर स्टाइल भी करता हूं। कभी मन हुआ तो खुले बाल रखता, कभी बन तो कभी पोनी भी। लंबे बालों की देखभाल ठीक तरह से ना हो,तो रफ हो जाते हैं।
शाहीनाका निवासी अंकित साहू ने बताया कि दिनभर का पसीना, धूल-मिट्टी और प्रदूषण हमारे स्कैल्प पर जमा हो जाता है। सिर पर जमी गंदगी को हटाने के लिए बालों और स्कैल्प की अच्छी तरह सफाई करना बहुत जरूरी है। इसके लिए आप अपने हेयर केयर रूटीन में शैंपू और कंडीशनिंग को शामिल किया है। सप्ताह में दो बार शैंपू करते है। बहुत जल्दी-जल्दी शैंपू से बाल धोने से बालों का नैचुरल आयल कम होता है और ड्राई स्कैल्प की समस्या हो जाती है। मैं आइटी कंपनी में जाब करता हूं। कोरोना के बाद हमारा वर्क फ्राम होम हो गया है। इसलिए बालों में नया एक्सपेरीमेंट किया। लंबे बालों के साथ भी लुक बढ़िया नजर आता है। पिछले दो वर्षों से लंबे बाल रखे हैं।
तिलहरी निवासी प्रतीक खरे ने कहा कि मैंने काफी समय तक बाल नहीं कटवाए। अब वे बढ़ गए हैं। मैंने कुछ साेचकर बाल नहीं बढ़ाए। लेकिन अब लंबे बालों वाल लुक भी भाने लगा है। दो वर्षों से लंबे बाल रखे हैं। बालों की जड़ों को पोषण देने के लिए तेल लगाना बहुत जरूरी है। प्रतिदिन तेल लगाने से स्कैल्प को नमी मिलती है और बाल मजबूत बनते हैं। इससे बाल डैमेज होने का खतरा कम भी होता है। अगर लंबे बालों की सही ढंग से हेयर ना की जाए, तो वो उलझे हुए और बेजान नजर आने लगते हैं। बीच-बीच बालों को ट्रिम भी करवाता हूं, जिससे बाल ज्यादा झड़ेंगे नहीं और डैमेज होने से भी बचे रहेंगे।
शाहीनाका निवासी विनय का कहना है कि बाल हेल्दी रखने के लिए जितनी बाहर से देखभाल करना जरूरी है, उतना ही अंदर से पोषण मिलना भी जरूरी है। इसके लिए अपनी डाइट में प्रोटीन, ओमेगा-3 फैटी एसिड, बायोटिन और फोलिक एसिड जैसे पोषक तत्वों को शामिल किया है। मैने हेयर एक्सपर्ट की सलाह ली है। बालों को पिछले पांच वर्ष पहले से बढ़ाया है। मां-पापा मेरे लंबे बालों को हमेशा टोकते हैं। वो हमेशा ही बाल कटवाने के लिए बोलते हैं, लेकिन मुझे लंबे वाला लुक ही पसंद है। मैं हमेशा से ही कुछ हटकर दिखना चाहता हूं। आम लुक में हर कोई रहता है, मुझे तो खास लुक पसंद है।