मुंबई। गणेश चतुर्थी की तारीख करीब आने के साथ ही पंडालों को बनाने और उन्हें सजाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुंबई में सबसे बड़ा मंडल वडाला का जीएसबी सेवा मंडल है। इसने गणेश मूर्ति, सोने के आभूषणों के साथ ही आग, आतंकी घटनाओं और दंगे के खतरे से लोगों की सुरक्षा के लिए 260 करोड़ रुपए का बीमा कराया है। यह मुंबई का सबसे अमीर मंडल है, जहां लाखों की तादात में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं।
लालबागचा राजा का बीमा कवर करीब 51.7 करोड़ रुपए रोजाना का है। यह जरूरी भी है क्योंकि पांच दिवसीय आयोजन के दौरान गणेश जी स्वयं 22 करोड़ रुपए के गहने पहने होंगे। यह बीमा किसी राष्ट्रीयकृत इंश्योरेंस कंपनी से कराया जाएगा, जो कि शहर के दूसरे किसी भी मंडल की तुलना में सर्वाधिक है।
यह बीमा कवर त्योहार के पहले दिन से ही शुरू हो जाएगा और तब तक जारी रहेगा जब तक इसके ट्रस्ट्री गणेश मूर्ति पर चढ़ाए गए सोने के आभूषणों को त्योहार के आखिरी दिन बैंक के लॉकर में नहीं रख देते। पूजा के पहले दिन से ही मूर्ति का अभूषणों से श्रंगार किया जाता है। विसर्जन से पूर्व आभूषण उतार कर अगले वर्ष के लिए रख लिए जाते हैं।
लाखों में होगा प्रीमियम
जीएसबी मंडल के वरिष्ठ ट्रस्टी सतीश नायक ने कहा कि हमने मंडल के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं और इसमें सिर्फ सरकारी बीमा कंपनियां ही भागीदारी कर सकती हैं। फिलहाल हम इसके प्रीमियम का खुलासा तो नहीं कर सकते हैं, लेकिन इतना जरूर है कि यह लाखों में होगा। जानकारों के अनुसार मंडल लालबागचा राजा के 51 करोड़ रुपए के बीमा के लिए 12 लाख रुपए का प्रीमियम का भुगतान कर रही है, ऐसे में जीएसबी मंडल के प्रीमियम के करीब 50 लाख रुपए होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
1.75 लाख नारियल
मंडल ने 1.75 लाख नारियल खरीदने के लिए टेंडर निकाला था और इसका सौदा 31.5 लाख रुपए में तय हुआ है। यानी एक नारियल करीब 18 रुपए कीमत का होगा, जो बाजार भाव 18 से 20 रुपए के करीब है। मंडल को हाल ही में एक सोने का फूल मिला है, जिसका वजन 150 ग्राम है और इसका मूल्य करीब पांच लाख रुपए है।