
मुंबई। एक एस्टेट एजेंट की शिकायत पर दाउद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर व उसके दो साथियों पर धन ऐंठने और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। सलीम शेख की शिकायत पर सोमवार की रात भायकला थाने में दर्ज एएफआईआर के अनुसार कासकर और उसके साथियों ने मारपीट के बाद उससे तीन लाख रुपए मांगे।
पुलिस के अनुसार यह घटना दक्षिण मुंबई के भेंडी बाजार क्षेत्र स्थित पकमोदिया स्ट्रीट के एक मकान में हुई। बाद में यह मामला जेजे मार्ग थाने में भेज दिया क्योंकि यह स्थान उसी के अधिकार क्षेत्र में आता है। तीनों के खिलाफ भादवि की धारा 385, 323 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
2003 में हुआ था प्रत्यर्पित
कासकर का 2003 में संयुक्त अरब अमीरात से भारत प्रत्यर्पण किया गया था। हत्या के एक मामले और विवादास्पद सारा सहारा मामले में कासकर की गैरकानूनी भूमिका के मामले में पुलिस को दाऊद के इस पांचवे भाई की जरूरत थी। सारा सहारा बिल्डिंग सरकारी जमीन पर अवैध रूप से खड़ी की गई थी। लेकिन कोर्ट ने 2007 में उसे दोनों ही मामलों में बरी कर दिया था।