
मुंबई। काजूपाड़ा इलाके में एक पत्नी ने अपने पति पर दूसरी महिला से संबंध रखने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को उस पर खौलता हुआ तेल डाल दिया और भाग गई। पीड़ित व्यक्ति का चेहरा, छाती और शरीर का दूसरे हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है।
डॉक्टरों के मुताबिक पीड़ित व्यक्ति को 70 फीसद जली हुई हालत में अस्पलात में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक 43 साल का शांताराम और उसकी 35 साल की पत्नी गीता पिछले कुछ दिनों से एक दूसरे से अलग रहे रहे थे।
गीता को शक था कि उसके पति के किसी दूसरी महिला से भी संबंध हैं। हाल ही में दोनों ने साथ में रहना शुरू किया था। गुरूवार को जब शांताराम घर आया तो उसने देखा कि उसकी पत्नी अपनी बेटी को बुरी तरह पीट रही है।
जब उसने अपनी बेटी को बचाया तो दोनों पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला इतना बढ़ गया कि गीता ने अपने पति पर खौलता हुआ तेल डाल दिया और मौकै से फरार हो गई।
शांताराम को गंभीर हालत में जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस शांताराम का बयान लेने की कोशिश कर रही है, जिसके बाद आरोपी महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।