
एएनआई, नई दिल्ली। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने सभी देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैं आप सभी की ओर से राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि देती हूं। सभी देशावसी अपने विचारों, भाषण और कार्यों में महात्मा गांधी की शिक्षाओं और मूल्यों का पालन करें व जन कल्याण के लिए खुद को समर्पित करें।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि गांधी ने सत्य और अहिंसा के आदर्शों से दुनिया को अवगत कराया। इन्हीं आदर्शों ने दुनिया के लिए नया मार्ग प्रशस्त किया। महात्मा गांधी ने जीवन भर हिंसा के खिलाफ अहिंसा का मुद्दा उठाया। उन्होंने स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और किसानों से जुड़े मुद्दे उठाए।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने देश के नाम अपने संदेश में कहा कि गांधी जी ने ही हमें अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एक विशाल आंदोलन को खड़ा कर उसका नेतृत्व किया। गांधी जी के इन्हीं आंदोलनों ने इतिहास को बदल दिया और भारत को आजादी मिल सकी।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने कहा कि गांधी जी के विचारों ने दुनिया के कई नेताओं को प्रभावित किया था। मार्टिन लूथर किंग जूनियर, नेल्सन मंडेला, बराक ओबामा और दुनिया के कई अन्य राजनेता गांधी जी के विचारों से प्रेरित थे। गांधी जी की विचारधार बेहद मजबूत है और जीवंत है। उनकी विचारधारा दुनिया को हमेशा रास्ता दिखाती रहेगी।