2022 Punjab Chunav: किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने बनाई नई पार्टी, बोले- राजनीति बदलेंगे
2022 Punjab Chunav: किसान आंदोलन के बाद से अटकलें लगाई जा रही थीं कि किसान नेता अपने सियासी मंसूबे पूरे करने में जुट जाएंगे।
By Arvind Dubey
Edited By: Arvind Dubey
Publish Date: Sat, 18 Dec 2021 11:16:19 AM (IST)
Updated Date: Sat, 18 Dec 2021 01:17:53 PM (IST)

2022 Punjab Chunav: पंजाब में 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले एक और राजनीतिक पार्टी ने जन्म लिया है। पार्टी का नाम है संयुक्त संघर्ष पार्टी, जिसे किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने बनाया है। यानी यह पार्टी निकली है किसान आंदोलन के गर्भ से। चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चढूनी ने कहा, 'राजनीति प्रदूषित हो गई है। इसे बदलने की जरूरत है। पूंजीवाद को बढ़ावा देने वाले नीति निर्माताओं, पूंजीपतियों के पक्ष में नीतियां बनाई जा रही हैं। आम आदमी, गरीबों के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है। इसलिए, हम अपनी नई पार्टी, संयुक्त संघर्ष पार्टी शुरू कर रहे हैं'
वैसे किसान आंदोलन खत्म होने के बाद से अटकलें लगाई जा रही थीं कि किसान नेता अब अपने सियासी मंसूबे पूरे करने में जुट जाएंगे। हालांकि ये नेता उस समय तो चुप्पी साधे रहे और सिर्फ यही कहते रहे कि राजनीतिक दल बनाने का फैसला बाद में होगा। बहरहाल, कहा जा रहा है कि अभी चढूनी अपनी पार्टी का गठन करने जा रहे हैं, वहीं आने वाले दिनों में दूसरे किसान नेता भी सक्रिय राजनीति में उतर सकते हैं।
2022 Punjab Chunav: किसान नेताओं की राजनीति का होगा कितना असर
किसान नेताओं के राजनीति में उतरने का पंजाब की राजनीति पर कितना असर होगा, यह वक्त ही बताएगा, लेकिन माना जा रहा है कि किसान आंदोलन खत्म होने के बाद हो रहे इन चुनावों में किसानों का मुद्दा सबसे बड़ा रहेगा। हर पार्टी खुद को किसानों का हितैषी बता रही है। किसानों को लेकर बड़े-बड़े ऐलान किए जा रहे हैं।