
नई दिल्ली। टिकटॉक वीडियो शेयरिंग ऐप के जरिए फेमस होने के लिए लोग हर संभव कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, कई बार इस ऐप के जरिए अपना टैलेंट दिखाना लोगों को भारी भी पड़ जाता है। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स तेज रफ्तार कार पर स्टंट करता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संबंधित शख्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाने की बात कही है।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में एक शर्टलेस शख्स अर्टिगा कार की छत पर स्टंट करता नजर आ रहा है। शख्स की इस कार पर दिल्ली पुलिस लिखा हुआ है, जबकि इसके ऊपर पुलिस का सायरन (बेकन लाइट) भी लगा हुआ है। शख्स ने यह वीडियो टिकटॉक ऐप पर पोस्ट करने के लिए बनाई थी, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। बता दें कि, इस तरह की गाड़ियों का इस्तेमाल दिल्ली पुलिस के एसीपी करते हैं। गाड़ी किसी जेपी शर्मा नाम के शख्स के नाम पर रजिस्टर्ज है। कार एक ठेकेदार की बताई जा रही है, जिसे पुलिस ने कॉन्ट्रैक्ट पर ले रखा था।
सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं। पुलिस पीआरओ मधुर वर्मा का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने इस गाड़ी को कॉन्ट्रैक्ट पर ले रखा है। यह गाड़ी जेपी शर्मा की है, जिसे दिल्ली पुलिस इस्तेमाल कर रही हैं। जो शख्स कार की छत पर स्टंट कर रहा है उसका नाम रवि है, जो कि जेपी शर्मा का ड्राइवर है। पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार को नियमों के उल्लंघन के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पुलिस ने संबंधित शख्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।