
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा में स्थित प्रसिद्ध गोलू देवता मंदिर ने आधार कार्ड दिखाना जरूरी कर दिया है। मगर, यह पहल खास मकसद से की गई है। मंदिर के पुजारियों ने यह कदम नाबालिग लड़के-लड़कियों की शादी रोकने के मकसद से उठाया है।
मंदिर प्रशासन के मुताबिक, हर साल यहां करीब 400 शादियां होती हैं। यानी शादियों के सीजन में रोजाना करीब 4-5 शादियां इस मंदिर में होती हैं। मंदिर के पुजारी और कोषाध्यक्ष हरी विनोद पंत ने बताया, ऐसे में विवाहित जोड़े का नाम और पता जांचना मुश्किल होता है।
कई लड़के-लड़कियां दूसरे राज्यों से यहां शादी के लिए आते हैं। ऐसे में हर मामले में यह पता करना आसान नहीं होता है कि प्रेमी जोड़ा शादी के लिए बालिग है या नहीं।
कैब ड्राइवर ने की युवती का यौन शोषण करने की कोशिश
कई बार यहां ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें कुछ नाबालिग जोड़े यहां शादी के लिए आए और बाद में वे शादी छोड़कर भाग गए। यहां बड़ी संख्या में नेपाली नाबालिग लड़कियां भी शादी के लिए आती हैं।
इसी को देखते हुए मंदिर प्रशासन शादियों से पहले व्यक्ति की पहचान के लिए आधार कार्ड की मांग करेगा। आधार कार्ड के अलावा अन्य पहचान पत्रों, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेजों को पर्याप्त नहीं माना जाएगा।
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, इस मंदिर में शादी करने से विवाहित जोड़े पर गोलू देवता का आशीर्वाद रहता है। उन्हें कुमाऊं क्षेत्र में न्याय के देवता के रूप में पूजा जाता है।