गुजरात में AAP नेता गोपाल इटालिया गिरफ्तार, जमानत पर रिहा, जानिये क्या था मामला
गोपाल इटालिया को गिरफ्तार कर सूरत अपराध शाखा कार्यालय ले जाया गया। कुछ देर बाद स्थानीय अदालत ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया।
By Navodit Saktawat
Edited By: Navodit Saktawat
Publish Date: Mon, 17 Apr 2023 07:17:43 PM (IST)
Updated Date: Mon, 17 Apr 2023 07:19:39 PM (IST)

गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल और राज्य के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) नेता गोपाल इटालिया को गिरफ्तार कर सूरत अपराध शाखा कार्यालय ले जाया गया। कुछ देर बाद स्थानीय अदालत ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया। इटालिया ने राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान मुंद्रा पोर्ट व कच्छ इलाके से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ पकड़े जाने पर गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।
संघवी को ड्रग्स संघवी बताते हुए इटालिया ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ भी बयानबाजी की थी। सूरत के उमरा पुलिस थाने में इटालिया के खिलाफ एफआइआर दर्ज हुई थी। पुलिस ने उन्हें पकड़कर स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तुरंत जमानत मिल गई।
आप के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव गोपाल इटालिया को सूरत क्राइम ब्रांच ने गुजरात के एचएम हर्ष सांघवी पर उनकी कथित टिप्पणी के लिए गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई।
इटालिया ने कहा, ''चूंकि प्राथमिकी में अपराध जमानती थे, क्राइम ब्रांच ने मुझे जाने दिया. आप ने गुजरात में पिछले चुनाव में अपनी ताकत दिखाई थी, जिसे बीजेपी का गढ़ माना जाता है. इसलिए वे डरे हुए हैं।'