
अमृतसर। आम आदमी पार्टी के सर्किल प्रमुख मोती लाल पासी के बेटे करण पासी (26) और उसके दोस्त हरजीत सिह (28) की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई। घटना के समय परिवार का कोई सदस्य घर में मौजूद नहीं था। पड़ोसियों को तब पता चला जब गुरुवार रात घर से दुर्गंध आने लगी। किसी तरह आप नेता के घर का दरवाजा खोला गया तो अंदर दोनों के शव पड़े थे और पास में नशे के टीके और सीरिज पड़ी हुई थीं।
घटना का पता चलते ही एसीपी विशालजीत सिह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया हैं। मोती लाल के बेटे करण पासी की डेढ़ साल पहले लुधियाना की लड़की से शादी हुई थी। शादी के बाद करण की पत्नी न्यूजीलैंड चली गई थी और जुलाई में करण और उसके पिता ने भी न्यूजीलैंड जाना था। शादी के बाद करण को नशे की लत लग गई। इस बारे में परिवार के सदस्यों को पता नहीं था।
इलाके के लोगों ने बताया कि बुधवार को मोती लाल अपनी पत्नी रानी पासी का इलाज कराने पट्टी गए थे। पीछे से करण अपने दोस्त हरजीत सिह को घर ले आया। सारी रात उन्होंने खुद को नशे के टीके लगाए और ओवरडोज से दोनों की मौत हो गई। छेहरटा थाना प्रभारी हरीश बहल ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला नशे की ओवरडोज का लगता है, लेकिन मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।