
बेंगलुरु। अभिनेत्री से राजनेता बनीं राम्या पाकिस्तान की प्रशंसा में बयान देकर राष्ट्रद्रोह के आरोप में घिर गई हैं। कोर्ट में तहरीर देकर उनके खिलाफ राष्ट्रद्रोह के तहत कार्रवाई करने की मांग गई है। हालांकि राम्या अपने बयान पर कायम हैं और कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं बोला है। राम्या ने कहा था कि पाकिस्तान नरक नहीं है।
वकील के. विट्टल गौड़ा ने सोमवारपेट फर्स्ट क्लास ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के कोर्ट में राम्या के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। राम्या पर आरोप लगाया है कि उन्होंने पाकिस्तान को नरक नहीं बताकर भारतीय देशभक्तों का अपमान किया है। गौड़ा ने कोर्ट से पूर्व कांग्रेस सांसद पर आइपीसी की धारा 124 (ए), 344 और 511 के तहत मामला दर्ज करने के लिए पुलिस को आदेश देने की मांग की है। कोर्ट ने सोमवार को अर्जी स्वीकार कर ली और मामले की सुनवाई 27 अगस्त तय कर दी।
सार्क प्रतिनिधिमंडल में शामिल राम्या ने हाल ही में पाकिस्तान का दौरा किया। वहां से लौटने पर मांड्या में एक बैठक के दौरान उन्होंने कहा, "पाकिस्तान नरक नहीं है। वहां के लोग हमारी तरह ही हैं। उन्होंने हमारे साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया।"
उनका बयान रक्षा मंत्री के बयान से विपरीत है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर ने कहा था कि पाकिस्तान जाना नरक जाने के समान है।
सोशल मीडिया में राम्या की टिप्पणी की जोरदार निंदा हुई है। भाजपा और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने बयान को राष्ट्र विरोधी बताते हुए उनके खिलाफ प्रदर्शन किया।
माफी नहीं मांगेंगी
राम्या ने बयान के लिए माफी मांगने से इन्कार कर दिया है। विवाद पर प्रतिक्रिया जताते हुए उन्होंने कहा कि देश में आज यही स्थिति है। किसी के भी खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज कर लिया जाता है। जबकि लोगों को राय जाहिर करने का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अभिव्यक्ति की आजादी को खत्म करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा अभी राष्ट्रद्रोह कानून को समाप्त करने के लिए कुछ नहीं करेगी क्योंकि वह अपने फायदे के लिए इसका इस्तेमाल कर रही है।