
जम्मू। माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से किराए के नाम पर होने वाली ऑटो चालकों की लूट पर अब नकेल कस दी गई है। अब यात्रियों से ज्यादा और मनमर्जी किराया ऑटो चालक नहीं वसूल सकेंगे।
दरअसस, यहां प्री-पेड आटो सुविधा शुरू कर दी गई है। पहले चरण में बाणगंगा में प्रीपेड बूथ स्थापित गया है, जिसकी कार्यप्रणाली पुलिसकर्मी देखेंगे। आटो रिक्शा को निर्धारित रूट पर चलाने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
धर्मनगरी में आठ सौ के करीब आटो रिक्शा चलते हैं।
इनके चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूले जाने की लगातार शिकायतें आ रही थीं। लोगों के आग्रह पर दो दिन पहले ही मंडलायुक्त ने प्री-पेड सुविधा शुरू करने की बात कही थी। गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने इसे अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया था।
पहले रिक्शा चालक बाण गंगा व बस स्टैंड के बीच दो सौ से ढाई सौ रुपए तक किराया वसूलते थे। नई रेट लिस्ट के मुताबिक यह किराया सौ रुपए निर्धारित कर दिया गया है। एआरटीओ कार्यालय से जारी नई रेट लिस्ट के तहत सबसे अधिक किराया हेलीपैड से बाणगंगा तक का 105 रुपए है।
रेलवे स्टेशन से बाणगंगा तक किराया 100 रुपए रखा गया है। रेलवे स्टेशन से हेलीपैड का किराया 70 रुपए, जबकि रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड के लिए 55 रुपए देने होंगे। इसके साथ ही पांच रुपए सर्विस चार्ज वसूला जाएगा। टोटल दस रुट होंगे।