
डिजीटल डेस्क। आगरा के ताजमहल पूर्वी गेट रोड स्थित होटल ताज कन्वेंशन में आए एक मेहमान ने वेटर को थप्पड़ मार दिया। सिर्फ इसलिए क्योंकि उसे मेहमान की अंग्रेजी में कही कुछ बात वेटर को समझ नहीं आई थी।
इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए होटल का संचालन करने वाली कंपनी एसएलएमजी बेवरेजेज के संयुक्त प्रबंध निदेशक पारितोष लधानी ने आरोपी मेहमान के होटल में आने पर जिंदगी भर के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।
कंपनी के संयुक्त प्रबंध निदेशक पारितोष लधानी ने इस पूरे मामले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर साझा की है। उन्होंने बताया कि होटल के रेस्तरां में कांति नाम का कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहा था। वह एक साधारण किसान परिवार से आता है। बातचीत के दौरान वेटर अंग्रेजी में कही बात को पूरी तरह समझ नहीं सका, जिससे उनके बीच कुछ गलतफहमी पैदा हो गई।
इस मामूली सी बात पर आपा खोकर मेहमान ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं और ड्यूटी कर रहे कर्मचारी के चेहरे पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। नौकरी चले जाने के डर से पीड़ित कर्मचारी कांति ने न तो कोई शिकायत दर्ज कराई और न ही घटना का विरोध किया। जब यह मामला प्रबंधन के संज्ञान में आया, तो उन्होंने तुरंत आरोपी ग्राहक को हमेशा के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया।
.jpg)
इस घटना पर अपना सख्त रुख जाहिर करते हुए पारितोष लधानी ने कहा कि कोई भी ग्राहक चाहे कितना भी रईस, रसूखदार या बड़ा क्यों न हो, उसे पैसों या रुतबे के घमंड में किसी भी कर्मचारी का अपमान करने या उस पर हाथ उठाने की छूट नहीं दी जा सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपने संस्थान में काम करने वाले साथियों का आत्मसम्मान और उनकी सुरक्षा सबसे पहले है। जब कोई कर्मचारी मजबूरी या डर की वजह से अपनी आवाज नहीं उठा पाता, तब प्रबंधन की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने कर्मी के हक और सम्मान के लिए मजबूती से खड़ा रहे।
होटल ताज ब्रांड सीधे तौर पर देश के सबसे भरोसेमंद औद्योगिक घराने टाटा समूह से जुड़ा हुआ है।
शुरुआत और इतिहास: ताज ग्रुप की नींव टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी टाटा ने रखी थी। इसका पहला ऐतिहासिक होटल ताज महल पैलेस 16 दिसंबर 1903 को मुंबई में शुरू हुआ था।
संचालक कंपनी: ताज होटल्स का पूरा कामकाज और प्रबंधन इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) संभालती है, जो टाटा समूह की एक प्रमुख सहायक कंपनी है।
वैश्विक मौजूदगी: आज ताज ग्रुप भारत के कोने-कोने के साथ-साथ दुनिया के तमाम बड़े देशों में लग्जरी होटलों और रिसॉर्ट्स की एक बड़ी श्रृंखला का संचालन करता है।