
नई दिल्ली। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (एम्स) ने गुरुवार को एमबीबीएस-2017 एंट्रेंस परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। सूरत (गुजरात) की स्टूडेंट निशिता पुरोहित ने इस परीक्षा में टॉप स्थान हासिल किया है। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट एम्स के आधिकारिक वेबसाइट https://www.aiimsexams.org/ पर देख सकते हैं। इसके अलावा रिजल्ट देशभर के बाकी छह एम्स की वेबसाइट्स पर भी देखा जा सकता है।
सिलेक्ट होने का था भरोसाः निशिता
एम्स एमबीबीएस में टॉपर बनने वाली निशिता पुरोहित बास्केटबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने सीबीएसई 12वीं परीक्षा में 91.4 फीसद अंक हासिल किए थे। अपनी कामयाबी पर निशिता ने कहा कि उन्हें सिलेक्ट होने का तो भरोसा था, लेकिन टॉप करने के बारे में कभी नहीं सोचा था। निशिता कोटा के एलन इंस्टीट्यूट की स्टूडेंट रहीं हैं और इंस्टीट्यूट का दावा है कि उसके 8 स्टूडेंट्स इस एग्जाम की टॉप-10 लिस्ट में हैं। निशिता के पिता निर्मल इंदु आईआईटी के छात्र रहे हैं और फार्मेसी में ग्रेजुएट उनकी मां हाउसवाइफ हैं।
2,84,737 परीक्षार्थी हुए थे शामिल
आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, दिल्ली एम्स के लिए काउंसिलिंग 3 से 6 जुलाई के बीच हो सकती है। यह परीक्षा 28 मई नई दिल्ली, पटना, भोपाल, जोधपुर, भुवनेश्वर, ऋषिकेश और रायपुर में के कई सेंटर्स पर हुआ था। इस परीक्षा में करीब 2 लाख 84 हजार 737 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे जिनमें से 4905 स्टूडेंट्स का काउंसिलिंग के लिए सिलेक्शन हुआ है।