
Ajmal Amir Kasab: 26 नवंबर 2008। मुंबई पर कराची के रास्ते नाव से घुसे लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने हमला कर दिया। आतंकवादियों ने मुंबई की अलग-अलग जगहों पर अटैक किया। हमले की शुरुआत लियोपोल्ड कैफे और शिवाजी छत्रपति टर्मिनस से हुई। आतंकी वारदात की सबसे बड़ी जगहें ताज होटल, होटल ओबेरॉय और नरीमन हाउस थीं। हमले में 164 लोग मारे गए थे और 300 से ज्यादा घायल हुए। आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में 10 से ज्यादा जवान शहीद हुए थे। सुरक्षाबलों ने 9 आतंकियों को मार गिराया था। एक आतंकी अजमल कसाब जिंदा पकड़ा गया। जिसे 6 मई 2010 को फांसी की सजा सुनाई गई थी।
अजमल कसाब को फांसी के फंदे में पहुंचाने में नन्ही चश्मदीद गवाह देविका रोटावन का बड़ा योगदान था। 26 नवंबर की शाम को 9 साल की देविका अपने पापा और चार साल के भाई के साथ थी। तब इस मासूम को नहीं पता था कि महीने भार बाद वह सहारा लेकर चलने को मजबूर हो जाएगी। आतंकवादियों की एक गोली उनके दाहिने पैर पर लगी थी। देविका (तब 9 साल 11 महीने) 26/11 की आतंकवादी घटना के मोस्ट वांटेड अजमल कसाब को पहचानने वाली सबसे कम उम्र की गवाह थी।

देविका का भाई कुछ देर पहले ही वॉशरूम गया था। इसलिए बच गया। गोली लगते ही जब देविका रोटावन गिरी तो उसके पिता भी उसके ऊपर गिए गए। खून से उनके कपड़े लाल हो गए। वह चुपचाप लेटे रहे। आतंकियों को लगा कि उनकी भी मौत हो गई है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद देविका राजस्थान स्थिति अपने गांव सुमेरपुर चली गई थी।

जून 2009 में देविका रोटावन को अदालत में आतंकवादियों को पहचानने के लिए बुलाया गया था। उस समय देविका बैशाखी के सहारे पहुंची थी। देविका ने कहा था कि गोली मारते समय कसाब के चेहरे पर जो हंसी थी, वह मैं भूल नहीं सकती। उस रात की गोलियों की आवाज मुझे बेचैन कर देती है।
मुंबई हमले के कई साल बाद देविका रोटावन ने एक इंटरव्यू में बताया था कि हमले के बाद हमारी जिंदगी ठहर सी गई। आतंकियों के डर से पड़ोसी और रिश्तेदारों ने दूरी बनाना शुरू कर दिया। हमें रहने के लिए घर तक मिल नहीं रहा था। देविका के पिता नटवरलाल ने कहा कि मेरी बेटी से उसके स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों ने भी दूरी बना ली थी। लोग हमसे बात नहीं करते थे। देविका आईपीएस अफसर बनना चाहती है।

आतंकी हमले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी निवाद सांवत ने बताया था कि जब क्राइम ब्रांच की टीम पूछताछ के लिए जेल की कोठरी में गई तो अजमल कसाब मारने की भीख मांग रहा था। उसने अधिकारियों से कहा, मुझे हवालात में मार दो, मैं जिंदा नहीं रहना चाहता। उस वक्त सांवत क्राइम ब्रांच की यूनिट तीन में कार्यरत थे।

सहायक पुलिस उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले ने कसाब को जिंदा पकड़ने में अहम भूमिका निभाई थी। जब अजमल कार में बैठा था को ओंबले ने उसे बाहर निकालने के लिए पकड़ लिया। तभी अजमल कसाब ने उनपर फायरिंग कर दी। इसमें तुकाराम बलिदान हो गए।
अजमल कसाब मौत को सामने देख घबरा गया था। जेल अफसर उससे अंतिम इच्छा पूछा तो उसने कहा था कि साहब माफ कर दो। अल्लाह कसम ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी। जब उसके गले में फांसी का फंदा डाला गया तो जोर से बोला अल्लाह मुझे माफ करे।
