
नई दिल्ली। सरकार संसद के बजट सत्र के दौरान दोनों सदनों में विचार किए जाने वाले वित्तीय, विधायी और अन्य कामकाज पर विभिन्न दलों के नेताओं के साथ आज चर्चा करेगी। संसदीय कार्य मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने रविवार को बजट सत्र से पहले आपसी परामर्श के लिए दोनों सदनों में दलों के नेताओं के साथ बैठक आयोजित की है।
संसद का बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा और आठ मई को संपन्न होगा, बशर्ते कि सरकारी कामकाज की कोई अन्य तात्कालिक आवश्यकता न हो। बजट सत्र दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहला चरण 23 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च, 2015 तक चलेगा और दूसरा चरण 20 अप्रैल से शुरू होकर आठ मई, 2015 तक चलेगा। पहले चरण में 20 कार्यदिवस और दूसरे चरण में 13 कार्यदिवस होंगे।
दोनों चरणों के बीच के उन दिनों में जब संसद की बैठक नहीं होगी, स्थायी समितियां विभिन्न विभागों और मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर विस्तृत जांच करेंगी। संसद के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के अभिभाषण के साथ बजट सत्र प्रारंभ होगा। बजट सत्र के प्रस्तावित 44 विषयों की सरकारी कार्यसूची में वित्तीय, विधायी और गैर-विधायी विषय शामिल हैं।