
नई दिल्ली,ब्यूरो। संविधान निर्माता डॉ. भीम राव अंबेडकर की विरासत पर राजग सरकार ने बड़ा दावा ठोक दिया है। केंद्र सरकार ने डॉ. अंबेडकर की 125वीं जयंती को देशभर में बेहद धूम-धाम से मनाने का फैसला किया है। सरकार ने फैसला किया है कि हर वर्ष 14 अप्रैल (बाबा साहेब का जन्म दिन) देश में राष्ट्रीय बंधुत्व या समसरता दिवस के तौर पर मनाया जाएगा। देश में मनाये जाने वाले कार्यक्रमों व समारोहों की तैयारी की समीक्षा व योजनाएं स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गठित एक समिति करेगी।
समिति में पीएम के अलावा 18 सदस्य होंगे जिसमें गृह मंत्री, वित्त मंत्री, विदेश मंत्री, सामाजिक न्याय व विकास मंत्री, शहरी विकास मंत्री, उपभोक्ता मामलों, खाद्य व जनवितरण प्रणाली मंत्री, कानून व विधि मंत्री, रेल मंत्री, मानव व संसाधन विकास मंत्री, जनजातीय मंत्री, सांस्कृतिक मामलों के मंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा पंजाब विधानसभा के स्पीकर सरदार चंद्रजीत सिंह अटवाल, नरेंद्र जाधव, कन्नड कवि डॉ. सिद्दालिंगा, डा. मिलिंद कांबले, भीखू रामजी ईदाते, राहुल बोधी और सामाजिक न्याय व आधिकारिता मंत्रालय के सचिव शामिल होंगे।
क्या क्या होगा
केंद्र ने इस मौके पर होने वाले 16 कार्यक्रमों की सूची जारी की है। ताकि अंबेडकर के विचारों को बढावा दिया जा सके। जिसमें ये कार्यक्रम भी शामिल हैं
- एक पोस्टर स्टैंप जारी होगा
- दिल्ली में 15 जनपथ पर डॉ. अंबेडकर अंतराष्ट्रीय सेंटर बनेगा
- अलीपुर में 99 करोड़ रुपये की लागत से एक स्मृति केंद्र
- देशभर में व्याख्यान
- लेख प्रतियोगिता
- बाबा साहेब से जुड़ी दो जगहों पर केंद्र
- सौ लोगों को विदेश में स्टडी टूर
- स्कूलों में संसदीय बहस
- नुक्कड नाटक