
लखनऊ। निलंबित आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर पर लगे इल्जामों को लेकर लोकायुक्त के सवालों का बाराबंकी व लखनऊ के डीएम ने जवाब दे दिया है। दोनों डीएम ने अमिताभ की पत्नी, मां, भाई पिता व एक संस्था के नाम लखनऊ के खरगापुर व बाराबंकी के तीरगंज में ढाई दर्जन भूखंड होने की जानकारी दी है।
लोकायुक्त एनके मेहरोत्रा ने निदेशक सतर्कता से वर्ष 2012 में अमिताभ ठाकुर के विरुद्ध शुरू हुई सतर्कता जांच की स्थिति और उसका ब्योरा मांगा है। सामाजिक कार्यकर्ता संजय शर्मा की ओर से दाखिल परिवाद पर लोकायुक्त ने बाराबंकी व लखनऊ के डीएम से ठाकुर दंपति, उनके परिवारीजन व संस्था के नाम जमीनों का ब्योरा मांगा था।
बाराबंकी के डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने लोकायुक्त को भेजी रिपोर्ट में ठाकुर की पत्नी, उनकी मां, भाई व पिता के पास तीरगंज में कई भूखंड होने की जानकारी दी है। लखनऊ के डीएम राजशेखर ने ठाकुर व उनके परिवारीजन के नाम उजरियांव, खरगापुर व गोमतीनगर में एक दर्जन से ज्यादा भूखंड होने का उल्लेख किया है।
इसके अलावा ठाकुर दंपति के पास छह शस्त्र लाइसेंस होने की बात सामने आई है, हालांकि अमिताभ ठाकुर का कहना है कि उन्होंने सभी छह शस्त्र लाइसेंस चार साल पहले सरेंडर कर दिए थे और इस समय उनके पास कोई शस्त्र लाइसेंस नहीं है। उनके पिता मुख्य अभियंता पद से सेवानिवृत हुए, उन्हें कहीं भी जमीन खरीदने का हक है।