
मथुरा। सौंख कस्बे में संप्रदाय विशेष के युवक द्वारा युवती को भगा ले जाने के खिलाफ सुलग रही आक्रोश की चिंगारी पांचवें दिन धधक उठी। युवती की बरामदगी को लेकर पुलिस की चुप्पी ने आग में घी का काम किया। भीड़ ने बाजार बंद करा दिया।
दुकानों, दो धर्मस्थलों और आरोपी युवक के घर पर धावा बोल जमकर तोड़फोड़ की गई। सामान को बाहर निकालकर आग लगा दी गई। दो घंटे तक भीड़ हिंसक बनी रही। बाद में फोर्स ने उपद्रवियों को लाठीचार्ज कर दौड़ाया। छह लोग हिरासत में लिए गए हैं।
सौंख के सहजुआ थोक से युवती शनिवार रात घर से गायब हो गई थी। भाई ने कस्बे की मुस्लिम मंडी निवासी नईम उर्फ सुद्दी के खिलाफ तहरीर दी थी। शनिवार से ही नईम भी गायब है। पुलिस पर युवती की बरामदगी का लगातार दबाव पड़ रहा था।
पुलिसिया नाकामी के खिलाफ बुधवार सुबह सहजुआ थोक में युवती पक्ष ने पंचायत बुलाई थी। इसमें पुलिस की ढिलाई पर नाराजगी व्यक्त की गई। सुबह करीब साढ़े नौ बजे पंचायत में आए एसओ मगोर्रा विनोद कुमार मिश्रा ने लोगों को समझाया।
करीब 11 बजे डीएसपी राजेश सोनकर भी आ गए। केवल आश्र्वासन से भड़के सभी लोग पंचायत छोड़कर चौकी पर पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर दी। इसके बाद बाजार बंद हो गया और लोगों का हुजूम सड़कों पर आ गया। हालात नियंत्रित करने के लिए डीआइजी लक्ष्मी सिह भी मौके पर पहुंच गई हैं। तनावग्रस्त कस्बे में पीएसी तैनात कर दी गई है।