
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया X पर भारत की पहली बुलेट ट्रेन की मेकिंग का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा - Are you ready? Making of Bharat's first Bullet Train! यह वीडियो मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का है।
रेल मंत्री ने पहले ही बताया था कि देश की पहली बुलेट ट्रेन 15 अगस्त 2027 को ट्रैक पर आएगी। यह 508 किमी लंबा कॉरिडोर है। इसमें 352 किमी गुजरात और दादरा नगर हवेली में और 156 किमी महाराष्ट्र में है। इसका 85 फीसदी हिस्सा एलिवेटेड वायाडक्ट पर बन रहा है। पहला सेक्शन सूरत-बिलिमोरा के बीच शुरू होने की उम्मीद है।
इसी के साथ रेल मंत्री ने देश के दूसरे और सबसे बड़े बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की भी जानकारी दी। 31 अक्टूबर को वाराणसी में वंदे भारत स्लीपर को फ्लैग ऑफ करने से पहले उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है।
🚅 Are you ready? Making of Bharat’s first Bullet Train! #Bharat_BulletTrain https://t.co/c4X0jEvusM
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) November 1, 2026
यह हाई स्पीड ट्रेन दिल्ली से शुरू होगी और आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, पटना, सिलीगुड़ी होते हुए गुवाहाटी तक जाएगी। यह 10 बड़े शहरों को जोड़ेगी। पहले योजना सिर्फ दिल्ली से सिलीगुड़ी तक थी, असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा के अनुरोध पर इसे गुवाहाटी तक बढ़ाया गया है।
रेल मंत्री ने संभावित समय भी बताया है। दिल्ली से आगरा 59 मिनट, दिल्ली से कानपुर 1 घंटा 45 मिनट, दिल्ली से लखनऊ 2 घंटा 12 मिनट, दिल्ली से वाराणसी 3 घंटा 35 मिनट, लखनऊ से वाराणसी 1 घंटा 21 मिनट और वाराणसी से पटना 1 घंटा लगेगा। उन्होंने कहा कि किराया फ्लाइट से काफी कम और इकोनॉमिकल होगा। यह प्रोजेक्ट मेक इन इंडिया के तहत बनेगा।
यह भी पढ़ें- 1 नवंबर का इतिहास बेहद खास, 8 राज्य और 5 केंद्र शासित प्रदेश एक साथ मनाते हैं स्थापना दिवस