
नई दिल्ली। जीएसटी पारित करने के मामले में असम देश का पहला राज्य बन गया है। असम विधानसभा ने जीएसटी संशोधन बिल को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि ये उनके प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि वो आर्थिक सुधारों की राह पर चलने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य की तरक्की के लिए ये बिल बेहद ही जरूरी है।
गौरतलब है कि राज्यसभा में पास होने के बाद आठ अगस्त को एतिहासिक रूप से लोकसभा ने भी जीएसटी (122वें) संविधान संशोधन बिल को पास कर दिया था। दिन भर चली चर्चा के बाद शाम को सदन में इस पर वोटिंग हुई जिसमें इसे 443 मतों से पास कर दिया गया।
GST संविधान संशोधन बिल लोकसभा में पास
सदन में बिल पर चर्चा के दौरान राज्यसभा की ही तरह लोकसभा से भी एआईएडीएमके ने वॉकआउट किया।राज्यसभा से 11 संशोधनों के साथ पारित इस विधेयक को दोबारा लोकसभा में पेश किया गया था।
देश को दुनिया के सबसे बड़े एकल बाजार में परिवर्तित करने के लिए एक समान मूल्य वर्धित कर प्रणाली वाला यह विधेयक विभिन्न राज्यों के विभिन्न करों का स्थान लेगा।