एजेंसी, नई दिल्ली (Assembly Bypoll Result 2025 Updates)। पश्चिम बंगाल, पंजाब, केरल और गुजरात की पांच सीटों के लिए 19 जून को मतदान हुआ था। इन सीटों के नतीजे से प्रदेश की मौजूदा सरकारों पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के मैदान में होने से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा जरूर हो रही है।
चुनावों के नतीजों को भाजपा और इंडिया ब्लॉक की राजनीतिक क्षमता के रूप में देखा जाएगा, खासकर पश्चिम बंगाल और केरल में, जहां अगले साल चुनाव होने हैं। दिल्ली विधानसभा चुनावों में हार के बाद से लो प्रोफाइल हुआ आप के प्रदर्शन पर भी गुजरात और पंजाब में कड़ी नजर रखी थी।
कांग्रेस ने केरल के नीलांबुर में जीत दर्ज कर ली है। कांग्रेस प्रत्याशी आर्यदान शौकतने 10928 वोटों से जीत हासिल की है। 19 राउंड की काउंटिंग में उन्हें 77 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं। वहीं, CPI(M) के उम्मीदवार एम.स्वराज 66159 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे।
इस मुकाबले को कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई के तौर पर देखा जा रहा था। यह सीट उनके वायनाड निर्वाचन क्षेत्र में आती है और उन्होंने 19 जून को होने वाले उपचुनाव से पहले इस क्षेत्र में रोड शो किया था।
विसावदर विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी ने जीत तर्ज कर ली है। इस सीट पर भाजपा को 2007 से जीत नहीं मिली है। तत्कालीन आप विधायक भूपेंद्र भयानी के इस्तीफा देने और भाजपा में शामिल होने के बाद यह सीट 2023 से खाली थी। इस उपचुनाव के लिए भाजपा ने किरीट पटेल को चुना था, जबकि कांग्रेस और आप ने क्रमशः नितिन रणपरिया और अपने पूर्व गुजरात अध्यक्ष गोपाल इटालिया को मैदान में उतारा था।
इस बीच, भाजपा विधायक करसन सोलंकी के निधन के कारण फरवरी से कडी सीट खाली थी। इस सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है। भाजपा के राजेंद्र कुमार (राजुभाई) छाबड़ा ने 99742 मतों से जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस के रमेशभाई छाबड़ा 60290 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे नंबर पर AAP प्रत्याशी जगदीशभाई छाबड़ा को 3090 वोट मिले।
बंगाल की कालीगंज सीट पर टीएमसी ने जीत दर्ज कर ली है। फरवरी में तृणमूल कांग्रेस के विधायक नसीरुद्दीन अहमद की मृत्यु के कारण उपचुनाव हुआ था। अब, उनकी बेटी अलीफ़ा अहमद सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवार के रूप में सीट बरकरार रखने में सफल रही हैं।
भाजपा ने इस सीट के लिए आशीष घोष को मैदान में उतारा था, जबकि कांग्रेस ने काबिल उद्दीन शेख को चुना था, जिन्होंने सीपीआई (एम) के समर्थन से चुनाव लड़ा था।
पंजाब में लुधियाना पश्चिम सीट (Ludhiana Election Result 2025) पर आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा ने 10,637 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी को हरा दिया है। इसी साल जनवरी में आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी की मौत के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर भाजपा के जीवन गुप्ता और कांग्रेस के दिग्गज नेता भारत भूषण आशु से त्रिकोणीय मुकाबला था। शिरोमणि अकाली दल ने परुपकर सिंह घुमन को अपना उम्मीदवार बनाया था।