Gujrat: आयशा सुसाइड केस में पति आरिफ को 10 साल की सजा, वीडियो था अहम सबूत
Ayesha Suicide Case: सुसाइड से पहले आयशा ने अपने घरवालों से बात की थी। पिता से कहा था कि मैं अब थक चुकी हूं।
By Shailendra Kumar
Edited By: Shailendra Kumar
Publish Date: Thu, 28 Apr 2022 05:15:51 PM (IST)
Updated Date: Thu, 28 Apr 2022 05:15:51 PM (IST)

Ayesha Suicide Case: अहमदाबाद सेशंस कोर्ट ने आयशा सुसाइड केस में पति आरिफ को 10 साल जेल की सजा सुनाई है। आत्महत्या का यह मामला 25 फरवरी 2021 का है। दहेज के लिए पति की प्रताड़ना से तंग आकर 23 वर्षीय आयशा ने साबरमती नदी में कूदकर जान दे दी। सुसाइड से पहले उसने एक भावुक वीडियो बनाया था, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आयशा के पति आरिफ को पाली से गिरफ्तार किया था।
साबरमती नदी में कूदकर दी जान
आयशा राजस्थान की रहने वाली थी। वह अहमदाबाद के वातवा में रहती थी। साबरमती नदी में छलांग लगाने से पहले उसने कहा था, मैं दुआ करती हूं कि यह प्यारी नदी मुझे अपने प्रवाह के साथ गले लगा ले। आयशा के मौत के बाद पता चला था कि ये मामला दहेज उत्पीड़न का है। आयशा का निकाह राजस्थान के आरिफ से 2018 में हुआ था। उसे लगातार दहेज के नाम पर परेशान किया जा रहा है।
आरिफ का दूसरी लड़की से था अफेयर
आरिफ का एक लड़की से अफेयर था। वह आयशा के सामने ही प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बात करता था। प्रेग्रेंसी के दौरान आरिफ के बर्ताव से आयशा डिप्रेशन में आ गई। गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई थी। दोनों के बीच हमेशा विवाद होता था। रोज के झगड़े से परेशान होकर आयशा ने नदी में कूदकर मौत को गले लगा लिया।
पाली से किया गया गिरफ्तार
आयशा की आत्महत्या के बाद आरिफ फरार हो गया था। परिजनों ने पुलिस को कहा था कि वो शादी में गया है। इसके बाद आरिफ को पाली से गिरफ्तार किया गया। जब पुलिस ने उसे पकड़ा तब उसके चेहरे पर बिल्कुल शिकन नहीं थी। आरिफ पर आरोप था कि अपनी प्रेमिका पर पैसे लुटाता था और इसके लिए वह आयशा के पिता से पैसों की डिमांड करता था।