मल्टीमीडिया डेस्क। BBC की शॉर्टवेव पर प्रसारित होने वाली हिंदी रेडियो प्रसारण सेवा आखिरकार 31 जनवरी से बंद हो गई। पूरे दिन इस पर हिंदी कार्यक्रम आते रहे और इसका आखिरी प्रसारण शाम साढ़े सात बजे हुआ। BBC की इस सर्विस की लोगों के दिलों में अहम जगह है क्योंकि दशकों से यह लोगों को अपनी सेवाएं देता आ रहा है। आखिरी दिन पर पर दिनभर कार्यक्रम की शुरुआत और उससे जुड़ी यादों को लेकर सोशल मीडिया और ब्लॉग पर संदेश चलते रहे। किसी ने इसके शुरुआत होने का वो दौर याद किया तो किसी ने कार्यक्रम की प्रमाणिकता के शेर पढ़े।
पहला प्रसारण
बीबीसी की इस हिंदी सेवा की शुरुआत दूसरे विश्व युद्ध में ब्रिटेन के पक्ष बताने के लिए शुरू की गई थी। 11 मई 1940 को दस मिनट के समाचार बुलेटिन के साथ इस सेवा का पहला प्रसारण हुआ था। जून 1941 में इसको आधा घंटा का स्पेस मिला। बीबीसी की हिंदी सेवा के पहले संचालक जुल्फिकार अली बुखारी जो 1945 तक इसका साथ निभाते रहे। 1947 में हिंदुस्तान के विभाजन के बाद, बुखारी पाकिस्तान रेडियो के पहले महानिदेशक नियुक्त किए गए।
आपातकाल था लोकप्रियता का चरम
बीबीसी हिंदी रेडियो सर्विस को लेकर लोगों के मन में जगह होने के एक बड़ा कारण आपातकाल भी रहा। यह वो दौर था जो बीबीसी रेडियो की विश्व सेवा, हिंदी सेवा और उर्दू सेवा का अपना स्वर्णिम इतिहास रहा है। एक तरह से इस पर उसका एकाधिकार रहा है। आपातकाल में इसकी लोकप्रियता चरम पर थी और यही प्रमाणिक खबरों का तमगा हासिल करने की घड़ी थी। इसके सबसे ज्यादा श्रोता भारत और खाड़ी के देशों में रहे हैं।
इसलिए बंद की गई सेवा
पिछले साल भारत में बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की पहुंच तीन करोड़ से बढ़कर पांच करोड़ हो गई। इस दौरान बीबीसी के श्रोता बड़ी संख्या में शॉर्टवेव रेडियो से डिजिटल और टीवी की ओर चले गए। रेडियो श्रोताओं की लगातार गिरती संख्या को देखते हुए बीबीसी ने हिंदी में शॉर्टवेव रेडियो प्रसारण समाप्त करने का फैसला किया है।
यहां अब भी बाकी है
बीबीसी रेडियो जापान व चाइना रेडियो इंटरनेशनल से हिंदी व बांग्ला का प्रसारण हो रहा है, लेकिन इसकी क्वालिटी बहुत खराब है। डायचे विले व वॉयस ऑफ अमेरिका भी अपना रेडियो प्रसारण बंद कर चुका है।
डिजिटल माध्यम पर रहेंगे ये कार्यक्रम
शॉर्टवेव प्रसारण बंद होने के बावजूद बीबीसी डिजिटल माध्यमों पर अपने कुछ नियमित कार्यक्रम जैसे, विवेचना और दुनिया-जहां डिजिटल ऑडियो के रूप में प्रसारित करता रहेगा।