
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा सांसदों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मोदी चाहते हैं कि पार्टी के सभी सांसद नियमित रूप से संसद पहुंचें, उनकी भाषा सभ्य हो और अनावश्यक रूप से पैर छुने की परंपरा पर रोक लगे।
साथ ही कहा गया है कि संसद में बोलने से पहले अच्छी तरह से तैयारी करके आएं। भाजपा संसदीय दल की बैठक के दौरान सासंदों को ये निर्देश जारी किए गए।
वरिष्ठ नेताओं के चरण स्पर्श पर रोक लगाने के पीछे सोच यह है कि इसे चापलूसी के तौर पर देखा जाता है। मालूम हो, मोदी ने हाल ही में राज्य मंत्रियों को अधिकार दिए थे कि वे अपने केंद्रीय मंत्रियों से काम मांग सकें।पीएमओ की तरफ से कैबिनेट मंत्रियों को भेजी गई चिट्ठी भी कहा गया है कि राज्य मंत्रियों के साथ काम का वितरण जल्द से जल्द कर लिया जाए।
सार्वजनिकतौर पर बोलने के बाद बारे में सांसदों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सच्चाई से अवगत रहें और सरकार के कामकाज के बारे में हो रही चर्चाओं पर तुरंत टिप्पणी ना करें।
मोदी का संदेश स्पष्ट है कि भाजपा अब विपक्ष में नहीं है और सांसदों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है। सांसदों को मीडिया से बात करने की मनाही है। इसके लिए सरकार ने प्रवक्ताओं की नियुक्ति कर दी है।
पार्टी के जनप्रतिनिधियों से कहा गया है कि वे सदन में हो रही सभी बहस के दौरान मौजूद रहेंगे तो सभी मुद्दों पर उनका ज्ञान बढ़ेगा। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी मोदी के निर्देशों का स्वागत करते हुए सांसदों से उनका सख्ती से पालन करने को कहा है।