बंगाल उपचुनाव: नंदीग्राम में भाजपा का बड़ा दांव, शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत पीए की मां को उतारा मैदान में, रेजीनगर से शाखारव सरकार उम्मीदवार
बंगाल में छह अक्टूबर को होने वाले दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है।
Publish Date: Tue, 15 Sep 2026 01:52:32 PM (IST)Updated Date: Tue, 15 Sep 2026 01:52:32 PM (IST)
नंदीग्राम से भाजपा ने सीएम शुभेंदु के दिवंगत पीए की मां को बनाया उम्मीदवार।HighLights
- उपचुनाव के लिए मतदान छह अक्टूबर को होगा
- चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हुई थी हत्या
- 1998 से सक्रिय राजनीति में हैं हासीरानी रथ
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। बंगाल में छह अक्टूबर को होने वाले दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है।
पार्टी ने पूर्व मेदिनीपुर जिले की हाईप्रोफाइल नंदीग्राम सीट से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की मां हासीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर सीट से शाखारव सरकार को मैदान में उतारा गया है।
उपचुनाव के लिए मतदान छह अक्टूबर को होगा
भाजपा प्रत्याशी हासीरानी रथ मंगलवार को समर्थकों के साथ विशाल जुलूस निकालकर नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। नामांकन के जरिए भाजपा नंदीग्राम में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है। दोनों सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान छह अक्टूबर को होगा, जबकि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर है।
चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हुई थी हत्या
चंद्रनाथ रथ की मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी के नौ मई को शपथ लेने से दो दिन पहले उनके निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या हुई थी।
1998 से सक्रिय राजनीति में हैं हासीरानी रथ
भाजपा की नंदीग्राम प्रत्याशी हासीरानी रथ लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। वह वर्ष 1998 से सक्रिय राजनीति में हैं। वह दो बार पंचायत सदस्य और तीन बार पंचायत समिति की सदस्य रह चुकी हैं। नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के कारण हो रहा है।
कुछ माह पहले हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर, दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने नंदीग्राम सीट से इस्तीफा दे दिया था, क्योंकि वह दोनों सीटों से एक साथ विधायक नहीं रह सकते थे।
प्रत्याशियों के एलान के बाद मुकाबला हुआ हाईवोल्टेज
नंदीग्राम उपचुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों के अलावा वाममोर्चा और कांग्रेस भी अपने प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। अब भाजपा ने हासीरानी रथ को मैदान में उतारकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में नामांकन और प्रस्तावित शक्ति प्रदर्शन के कारण नंदीग्राम का उपचुनाव हाईवोल्टेज मुकाबले में बदलता नजर आ रहा है।