
बेंगलुरु। बेंगलुरु में जामिया मस्जिद के इमाम ने 150 करीब मस्जिदों को आदेश दिया है कि वे युवाओं को आईएस के खिलाफ चेताएं। युवाओं को धर्म के नाम पर आतंकवाद के जाल में फंसने से बचाने के लिए यह मुहिम शुरू की गई है।
आतंकवाद फैलाकर आईएस मुस्लिम धर्म की छवि को खराब कर रहा है। अंग्रेजी अखबार द हिंदू की खबर के मुताबिक केआर मार्केट में जामिया मस्जिद के इमाम मोहम्मद मकसूद इमरान ने मस्जिदों को संदेश देते हुए कहा कि इस मुहिम का मकसद धर्म को बचाना, शांति का प्रसार और मानवता का भला करना है।
उन्होंने कहा है कि किसी भी किस्म की हत्या बर्दाश्त नहीं की जा सकती है, खासतौर पर निर्दोष लोगों की। शहर में आईएस के खिलाफ यह संदेश बकरीद के समय से ही दिया जा रहा है। इस काम में इमामों, मुस्लिम वक्ताओं और मस्जिदों के कमेटी सदस्यों की मदद ली जा रही है।
मस्जिद प्रमुखों से अपील की गई है कि जुमे की नमाज और धार्मिक जमावड़े से पहले कुरान और हदीथ की शिक्षाओं का ऐलान किया जाए। इसके अलावा, वॉट्सऐप पर एक ग्रुप भी बनाया गया है, जिसमें शहर की 150 मस्जिदों के मौलवियों को जोड़ा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस कदम की जानकारी है और उन्होंने इसकी तारीफ भी की है।