
प्रणय उपाध्याय, नई दिल्ली। दक्षिण एशिया के पड़ोसी मुल्कों की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाते हुए अंतरराष्ट्रीय राजनीति में अपनी पारी की शुरुआत कर चुके प्रधानमंत्री मोदी की पहली विदेश यात्रा भी पड़ोसी देश भूटान की होगी। भारत के साथ खुली सीमाओं और सर्वाधिक दोस्ताना रिश्तों वाले पड़ोसी मुल्क भूटान के लिए मोदी की यात्रा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सब कुछ ठीक चला तो प्रधानमंत्री इस माह के तीसरे हफ्ते में भूटान जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री की इस यात्रा की तैयारियों के लिए एक अग्रिम टीम इसी हफ्ते भूटान की राजधानी थिंपू रवाना हो रही है। प्रधानमंत्री ने विदेश यात्रा प्राथमिकताओं पर हुई चर्चाओं में स्पष्ट कर दिया था कि वह पहला विदेश दौरा पड़ोसी मुल्क का ही करना चाहेंगे। बताया जाता है कि इस कड़ी में भूटान के अलावा बांग्लादेश और नेपाल के विकल्पों पर भी चर्चा हुई। हालांकि, चुनाव भूटान का किया गया, जिसके साथ भारत के संबंध इतने दोस्ताना हैं कि वहां भारतीय सेना की भी मौजूदगी है। इतना ही नहीं भूटान एकमात्र ऐसा पड़ोस देश है जिसके चीन के साथ राजनयिक संबंध ही नहीं है।
महत्वपूर्ण है कि इस साल सार्क शिखर सम्मेलन की मेजबानी नेपाल के पास है। लिहाजा नवंबर, 2014 में होने वाले सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री काठमांडू भी जाएंगे। गौरतलब है कि बीते 13 साल से कोई भी भारतीय प्रधानमंत्री नेपाल नहीं गया है। पिछले दिनों मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में आए नेपाली प्रधानमंत्री सुशील कोईराला ने न्योता दोहराया था। यह पहला मौका था, जब भारतीय प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में सार्क देशों के प्रमुख भी मौजूद थे।
मोदी का अमेरिका दौरा
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को दिए यात्रा आमंत्रण के लिए तारीखें तय करने की कवायद भी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका की ओर से मोदी-ओबामा मुलाकात को लेकर सुझाई गई 30 सितंबर की तारीख पर भी विचार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री की योजना संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए अमेरिका जाने की है।
सूत्रों के अनुसार अमेरिका की ओर से मोदी को संयुक्त राष्ट्र कार्यक्रम से अलग यात्रा का निमंत्रण देकर वाशिंगटन ने खास तवज्जो देने का प्रयास किया है। हालांकि, भारतीय खेमे ने अभी दोनों नेताओं की शिखर वार्ता के लिए किसी तारीख पर मंजूरी नहीं दी है। वैसे भारतीय खेमा सिंतबर के तीसरे सप्ताह में आयोजित होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा के समापन के बाद द्विपक्षीय दौरे के आयोजन के प्रस्ताव पर भी बात कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने 16 मई को आए चुनावी नतीजों के बाद मोदी को फोन कर जीत की बधाई दी थी। इसी दौरान उन्हें अमेरिका आने का न्योता भी दिया था, जिसे मोदी ने स्वीकार कर लिया था।
यूएन में फिर हिंदी का परचम लहराएंगे मोदी
संयुक्त राष्ट्र महासभा में एक बार फिर भारतीय प्रधानमंत्री की आवाज हिंदी में गूंज सकती है। सूत्रों के मुताबिक संकेत हैं कि महासभा की बैठक में बतौर प्रधानमंत्री पहली बार संबोधन की तैयारी कर रहे मोदी हिंदी का ही सहारे लें। मोदी इन दिनों अंतरराष्ट्रीय संपर्क और शासनाध्यक्षों से संवाद में भी हिंदी का ही सहारा ले रहे हैं। पिछले दिनों मोदी ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में आए नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातों में भी हिंदी में ही संवाद किया था।