
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के महोना पश्चिम ग्राम पंचायत के सात मजरों में टास्क फोर्स की 11 टीमों ने शनिवार रात बर्ड फ्लू से ग्रसित 983 पक्षियों को मार दिया। कबूतरों को मारने पहुंची टीम से पक्षी पालकों की नोकझोंक भी हुई, लेकिन एसडीएम के हस्तक्षेप पर पक्षी पालक तैयार हो गए।
पांच मार्च को बाजारशुकुल कस्बे के महोना पश्चिम ग्राम पंचायत में कुछ पक्षियों के मरने की सूचना मिली थी, जिस पर प्रशासन ने मृत पक्षियों के बिसरा एकत्र कर जांच के लिए पशु रोग प्रयोगशाला, भोपाल भेजा था। इसकी रिपोर्ट 13 मार्च को प्रशासन को मिली, जिसमें पक्षियों की मौत का कारण हाइलीपैथो जेनिक एबीएन इनफ्लूएंजा बताया गया।
इसके बाद जिला स्तरीय बर्ड फ्लू टास्क फोर्स का गठन कर ग्राम पंचायत के कई मजरों का सर्वे किया गया और बर्ड फ्लू से ग्रसित पक्षियों को चिन्हित कर उन्हें मार दिया गया। इसमें 883 मुर्गियों के अलावा 100 कबूतर भी शामिल थे।
जिलाधिकारी जगतराज ने बताया कि ग्राम पंचायत की दस किलोमीटर की परिधि में आने वाले सभी पक्षियों को मारने का निर्देश दिया गया है। मारे जा रहे पक्षियों का मुआवजा भी दिया जाएगा।