
पारादीप। ओडिशा में बीजू जनता दल के विधायक प्रमोद कुमार मलिक ने आरोप लगाया गया है कि पारादीप में पीएम मोदी के कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें जबरदस्ती भगवा पहना दिया। उन्होंने कहा है कि जब वो कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने टोपी और स्कार्फ पहनने के लिए मजबूर किया और जब उन्होंने इन लोगों की बात नहीं मानी तो कार्यकर्ताओं ने उनके साथ हाथापाई भी की।
मलिक का कटक के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें चलने के दौरान भगवा टोपी और उत्तारिया (स्कॉर्फ) पहनने को भाजपा समर्थकों ने मजबूर किया। मलिक ने आरोप लगाया कि जब वह सभा में शामिल होने के लिए पारादीप जा रहे थे तो भाजपा के नेताओं ने उनके वाहन का रास्ता रोका और उन्हें पीटा।
निआली के विधायक ने कहा कि उनके निजी सुरक्षा अधिकारी ने उन्हें बचाया। भाजपा के प्रवक्ता सजन शर्मा ने कहा कि मलिक को भगवा पोशाक पहनने के लिए मजबूर नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मलिक ने प्रधानमंत्री को खुश करने के लिए भगवा टोपी पहनी हो सकती है।