नई दिल्ली। संप्रग सरकार में शहरी विकास व गरीबी उन्मूलन मंत्री रहीं कुमारी शैलजा के सात मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित सरकारी कोठी में रसोइया मंजू के पति संजय कुमार की हत्या कर दी गई। तुगलक रोड थाना पुलिस मंजू, रसोइये अनिल और सफाई कर्मचारी संजू सहित छह नौकरों व उनके बच्चों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नई दिल्ली जिला एसबीएस त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
घटना रविवार देर रात की है। उस समय कुमारी शैलजा सरकारी आवास पर ही थीं। 38 वर्षीय मंजू पिछले पांच महीने से यहां रसोइये का काम कर रही है। कोठी के पीछे की तरफ एक-एक कमरे के चार सर्वेंट क्वार्टर बने हैं।
इसी में एक क्वार्टर में मंजू अपने पति संजय कुमार (42) के साथ रहती है। संजय कुमार मूलरूप से बुलंदशहर, उप्र का रहने वाला था और वायु सेना भवन में निजी सुरक्षा गार्डों का सीनियर सुपरवाइजर था। दूसरे में अनिल व तीसरे में संजू परिवार के साथ रहते हैं।
सर्वेंट क्वार्टर व कोठी के बीच करीब 20 कदम का फासला है। शाम छह बजे मंजू बच्चों को लेकर राखी बांधने के लिए अपने भाई के पास लक्ष्मीबाई नगर गई थी। संजय भी भाई से मिलने डिफेंस कॉलोनी चला गया था। रात 10 बजे संजय ने पत्नी को फोन कर बताया कि उसके पास शैलजा के सचिव का फोन आया था।
उन्होंने क्वार्टर खाली करने के बारे में बात करने के लिए बुलाया है। वह उनके पास जा रहा है। सोमवार सुबह सात बजे मंजू क्वार्टर पर पहुंचीं तो खून से लथपथ संजय की लाश देखकर चिल्लाने लगी। शव के चेहरे व सिर के पीछे दाहिनी तरफ चोट के निशान थे। होंठ कटे हुए थे। कमरे के अंदर फर्श व दीवारों पर खून के छींटे थे। तकिये पर भी खून के धब्बे थे। उसने सचिव को इसकी सूचना दी।
सचिव ने सुबह आठ बजे पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में लेडी हार्डिंग अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंप दिया गया।
संजय पर क्वार्टर खाली करने का था दबाव
रसोइया अनिल पूर्व मंत्री शैलजा व उनके सचिव का ज्यादा करीबी है। वह कई साल से यहां काम कर रहा है। बताया जाता है कि अनिल सचिव के माध्यम से संजय पर क्वार्टर खाली करने के लिए दबाव डलवा रहा था। उसे 10 अगस्त तक क्वार्टर खाली करने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने क्वार्टर खाली नहीं किया था। मंजू ने बताया कि वे एक-दो दिन में क्वार्टर खाली कर देते।
अवैध संबंधों के कारण हुई हत्या
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रसोइये अनिल के साथ मंजू के अवैध संबंध थे। उसी ने डंडे से वार कर हत्या की है। पुलिस इसमें मंजू की भूमिका की भी जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस अभी मामले का खुलासा होने से इन्कार कर रही है।