
नई दिल्ली। आरोप पत्रों को इस आधार पर सार्वजनिक करने से रोके नहीं रखा जा सकता कि उससे जांच में बाधा आएगी। केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) ने सोमवार को यह व्यवस्था दी। आयोग ने यह भी कहा कि जानकारी सार्वजनिक करने के दायर कैविएट पर प्रत्येक मामले को देखकर तय होगा कि मांगी गई जानकारी सूचना के अधिकार (आरटीआई) कानून की धारा- आठ व नौ के प्रावधानों के तहत छूट के दायरे में आती है या नहीं।
सूचना आयुक्त श्रीधर आचार्ययुलू ने कहा कि अपराध प्रक्रिया के प्रावधानों के अनुसार आरोप पत्र जांच का नतीजा है। आरोप पत्र पेश किए जाने के बाद जांच बंद कर दी जाती है। यह बात कहीं नहीं ठहरती कि इसकी जानकारी देने से जांच में बाधा आएगी। अगला सवाल यह है कि क्या सूचना सार्वजनिक करने से मुकदमा में बाधा आएगी?
आयुक्त ने कहा कि आरोप पत्र का खुलासा करने से न तो पूरी तरह रोक रहेगी और न ही पूरी तरह सार्वजनिक कर दिया जाएगा। उषाकांत असिवाल के आरटीआई आवेदन पर उन्होंने कहा कि आरोप पत्र एक सार्वजनिक दस्तावेज है। इसे सार्वजनिक किया जाएगा बशर्ते आरटीआई कानून में रोक के अन्य प्रावधानों तहत इसकी अनुमति हो। हर आरोप पत्र के लिए कोई पक्के नियम नहीं हो सकते कि उन्हें सार्वजनिक करना है या नहीं करना है। अब तक जांच एजेंसियां कहती थीं कि अपराध प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) के तहत आरोप पत्रों की जानकारी आरटीआई कानून के तहत नहीं दी जा सकती। असिवाल ने दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जांच के बारे में सूचना मांगी थी।