• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • देश

MP को मिला 3000 करोड़ का तोहफा... पीथमपुरा में सन फार्मा लगाएगी मेगा प्लांट, 1750 जॉब्स का वादा

मुंबई में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सन फार्मा के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी से मुलाकात की।

By Digital DeskEdited By: Akash Sharma
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 03:23:03 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 03:23:03 PM (IST)
MP को मिला 3000 करोड़ का तोहफा... पीथमपुरा में सन फार्मा लगाएगी मेगा प्लांट, 1750 जॉब्स का वादा
मुंबई में सीएम मोहन यादव की सन फार्मा प्रमुख से अहम बैठक

HighLights

  1. दिसंबर 2026 तक पानी-बिजली-सड़क सुविधा देने का वादा
  2. रतलाम फार्मा पार्क में भी निवेश को इच्छुक सन फार्मा
  3. प्रोजेक्ट से 1750 लोगों को मिलेगा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मुंबई के होटल द सेंट रेजिस में आयोजित “इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश” के दौरान सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी से महत्वपूर्ण चर्चा की। बैठक में मध्यप्रदेश में कंपनी के विस्तार को लेकर कई अहम मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

पीथमपुर सेक्टर-7 में ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट पर फोकस

बैठक का मुख्य फोकस पीथमपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड परियोजना रहा। इस दौरान पीथमपुर के सेक्टर-7 में कंपनी की प्रस्तावित परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण और स्थानीय स्तर पर आ रही बाधाओं के निराकरण पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2026 तक परियोजना स्थल पर जल, बिजली और सड़क जैसी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी।


मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार निवेशकों को सभी अनुमतियां और सुविधाएं समयबद्ध तरीके से देने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में पीथमपुर परियोजना के प्लॉट हस्तांतरण और पुनः पंजीकरण शुल्क में छूट, कंपनी के नाम को एसपीएलएल से एसपीआईएल करने के लिए सीसीआईपी में आवश्यक संशोधन और परियोजना से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर भी सहमति बनी।

3000 करोड़ का निवेश, 1750 लोगों को मिलेगा रोजगार

सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने पीथमपुर में लगभग 3,000 करोड़ रुपये के निवेश से ग्रीनफील्ड परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इस परियोजना के तहत भारत, अमेरिका, यूरोप और अन्य प्रमुख बाजारों के लिए औषधि फॉर्मुलेशन विनिर्माण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस बड़े निवेश से लगभग 1,750 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है, जिसमें करीब 1,250 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार शामिल होंगे।

सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक भारतीय बहुराष्ट्रीय फार्मास्यूटिकल कंपनी है, जिसका कारोबार 54,543 करोड़ रुपये का है। कंपनी 100 से अधिक देशों में ड्रग फॉर्मुलेशन और एपीआई का विनिर्माण करती है और छह महाद्वीपों में 40 से अधिक विनिर्माण सुविधाओं का संचालन कर रही है। कंपनी ने वर्ष 1984 में देवास में अपना विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया था। फिलहाल मध्यप्रदेश स्थित इसके फॉर्मुलेशन और एपीआई संयंत्रों में करीब 3,958 कर्मचारी कार्यरत हैं।

बड़े सौर ऊर्जा प्रकल्प के लिए जमीन पर चर्चा

बैठक में कंपनी की दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए बड़े सौर ऊर्जा प्रकल्प पर भी बात हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान और उसके आवंटन में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही सौर ऊर्जा परियोजना के लिए जरूरी प्रोत्साहन, आधारभूत संरचना और अनुमतियां जल्द उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।

रतलाम फार्मा पार्क में भी दिखाई रुचि

चर्चा के दौरान दिलीप सांघवी ने रतलाम में प्रस्तावित फार्मा पार्क में भी निवेश की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि यदि रतलाम में फार्मा पार्क स्थापित होता है, तो सन फार्मा समूह वहां निवेश की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में फार्मास्यूटिकल और अन्य हाई वैल्यू इंडस्ट्री के विस्तार के लिए अनुकूल माहौल बनाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि निवेशकों को जमीन, बिजली, पानी, सड़क, ऊर्जा और अनुमतियां एक ही जगह पर आसानी से मिलें, ताकि निवेश प्रस्ताव जल्दी जमीन पर उतर सकें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत को प्रदेश में नए निवेश और विस्तार के लिए आमंत्रित भी किया।