
लखनऊ। कन्नौज में गुरुवार दोपहर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान संप्रदाय विशेष के एक युवक पर रंग पड़ने से हिंसा भड़क गई। फायरिंग में दो लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। भीड़ ने शहर कोतवाली की पिटाई करने के साथ ही दुकानों में भी तोड़फोड़ की।
कन्नौज में दुर्गा विसर्जन यात्रा जब लाखन तिराहा पहुंची तो चूड़ी वाली गली निवासी एक युवक पर रंग पड़ गया। उसके साथियों ने यात्रा में शामिल एक युवक के साथ मारपीट कर दी। यात्रा में शामिल लोगों का कहना है कि दूसरे संप्रदाय के लोग महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें कर रहे थे। विरोध किया तो मारपीट करने लगे।
कुछ लोगों ने मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस यात्रा को जल्दी-जल्दी आगे बढ़ाने लगी। इस पर भीड़ ने शहर कोतवाली प्रभारी भुल्लन यादव के साथ मारपीट कर दी। इसी दौरान चूड़ी वाली गली में स्थित मकान के ऊपर मौजूद कुछ युवकों ने शोभा यात्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में यात्रा में शामिल लोगों ने पथराव किया।
इस दौरान महेश कुशवाहा और अपूर्व गुप्ता गोली लगने से घायल हो गए। अस्पताल में महेश ने दम तोड़ दिया। उसके बाद स्थिति बिगड़ गई। जगह-जगह यात्राएं रोक दी गईं। भीड़ ने पुलिस पर पथराव करते हुए कुछ दुकानों के शटर तोड़ने का प्रयास किया और पुलिस की बाइकों में तोड़फोड़ की।
पथराव से कई पुलिस कर्मी भी चुटैल हो गए। लाव-लश्कर के साथ पहुंचे एसपी कलानिधि नैथानी ने शोभायात्रा को आगे बढ़वाने का प्रयास किया लेकिन घटना के विरोध में सभी यात्राएं रुकी रहीं। शहर में रामलीला व बाबा गौरीशंकर मंदिर में आरती स्थगित कर दी गई है। शहर में अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल है।
इलाहाबाद में तालाब में कम पानी पर बवाल
हाई कोर्ट के निर्देश के तहत इलाहाबाद में प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शहर से 15 किलोमीटर दूर अंदावा में बनाए गए तालाब में कम और गंदा पानी देख गुरुवार को भक्त भड़क गए।
भीड़ ने जीटी रोड पर चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाना चाहा तो पथराव शुरू हो गया। कई बसें क्षतिग्रस्त हो गईं। डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे। तालाब में पर्याप्त पानी की व्यवस्था की गई। इसके बाद विसर्जन शुरू हो सका।
आगरा में विसर्जन को गए दो युवक डूबे
आगरा में खंदौली के पोइया घाट पर एक ही परिवार के महिलाएं व युवक प्रतिमा विसर्जन के लिए गए। यमुना में उतरे चार युवक नीरज, विमल, प्रदीप और सतेंद्र प्रतिमा के साथ गहरे पानी में डूबने लगे।
विमल की मां मीना और नीरज की मां राजवती ने अपनी साड़ी उनकी ओर फेंकी जिसे पकड़कर प्रदीप व सत्येंद्र तो बाहर आ गए, पर लेकिन नीरज और विमल डूब गए। गोताखोर न होने से गुस्साए लोगों ने हाथरस रोड पर जाम लगा दिया। काफी देर बाद दोनों के शव बरामद हो सके।