
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिला स्थितगांव शेरनगर में रविवार को बाइक की टक्कर लगने पर सांप्रदायिक संघर्ष हो गया। यहां के दलित व निकटवर्ती गांव बिलासपुर के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला किया। दोनों ओर से हुए पथराव व फायरिंग में पांच महिलाओं समेत दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए।
दोनों संप्रदाय के एक दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। गांव बिलासपुर निवासी जाहिद रविवार को अपनी मां हसीना को बाइक से शेरनगर स्थित ननिहाल छोड़ने आया था। यहां एक डेढ़ वर्षीय बच्चा मंजीत उसकी बाइक से टकरा गया। इस पर उसकी मां कल्लो ने शोर मचा दिया।
मौके पर आए मंजीत के पिता बिट्टू व अन्य लोगों ने जाहिद व हसीना के साथ मारपीट कर दी। जिससे दोनों को गंभीर चोट आई। मामले की जानकारी होने पर थोड़ी ही देर में बिलासपुर गांव के 40-50 मोटरसाइकिल पर सवार होकर संप्रदाय विशेष के लोग शेरनगर पहुंच गए।
इन लोगों ने लुहार पोपिन की दुकान से धारदार हथियार व सामान जबरन उठा लिया। विरोध पर उसकी बुरी तरह पिटाई की। बचाने आए राशन डीलर सुनीत को भी पीटा। इसके बाद जुगल किशोर के घर में घुसकर महिलाओं व पुरुषों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस पर शेरनगर के दलित वर्ग के लोगों ने छतों से पथराव कर दिया। करीब एक घंटे तक दोनों ओर से धारदार हथियार चले।
पथराव व जमकर फायरिंग भी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पथराव कर रही भीड़ को किसी तरह खदेड़ा। इस दौरान बिलासपुर के लोगों की चार बाइक शेरनगर में छूट गई। दलितों ने सभी बाइकों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। मारपीट, पथराव व फायरिंग में दोनों समुदाय की पांच महिलाओं समेत दो दर्जन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों से एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।