
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और गुजरात के प्रभारी तरुण चुग ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश के भीतर पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) की तरह व्यवहार कर रही है और आने वाले चुनावों में जनता वोट की चोट से इसका कड़ा जवाब देगी।
गुजरात दौरे पर पहुंचे तरुण चुघ ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर की गई टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस तरह की अमर्यादित भाषा के लिए कांग्रेस को कभी क्षमा नहीं करेगी। चुघ के अनुसार, कांग्रेस की बयानबाजी में राजनीतिक गरिमा पूरी तरह गायब हो चुकी है।
भाजपा नेता ने आगे कहा कि कांग्रेस के अधिकांश बयान और कदम भारतीय सेना, राष्ट्रीय जांच एजेंसियों और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ नजर आते हैं। इसी नकारात्मक रुख और मानसिकता के चलते पार्टी को लगातार चुनावी शिकस्त का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- यह कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन', PM मोदी के पिता पर टिप्पणी से भड़के CM साय, मल्लिकार्जुन खरगे पर किया पलटवार
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए चुग ने कहा कि उनका आचरण पूरी तरह अराजक हो चुका है। उनकी भाषा में शालीनता की कमी है और वे लगातार देश के युवाओं को गुमराह करने व भड़काने का काम कर रहे हैं।
इसके अलावा, गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री तुषार चौधरी के उस दावे को भी तरुण चुघ ने सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने राज्य में मध्यावधि चुनाव की संभावना जताई थी। चुघ ने स्पष्ट किया कि गुजरात विधानसभा चुनाव अपने तय समय पर ही होंगे और भाजपा 2027 के चुनाव में 2022 से भी अधिक सीटें हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।