Corona News Update: शनिवार को 17 हजार नए केस, 253 मौतें, जानिये ताजा आंकड़े
Corona News Update: 253 मौतों में सबसे अधिक महाराष्ट्र में 60, दिल्ली में 30, केरल में 21 और उत्तर प्रदेश में 14 मौतें शामिल हैं।
By Navodit Saktawat
Edited By: Navodit Saktawat
Publish Date: Sat, 26 Dec 2020 11:25:59 PM (IST)
Updated Date: Sat, 26 Dec 2020 11:31:56 PM (IST)

Corona News Update: देश में बीते चौबीस घंटों में 17,405 नए केस मिले हैं, 19,505 मरीज ठीक हुए हैं और 253 लोगों की जान गई है। समाचार एजेंसी प्रेट्र की तरफ से रात 10 बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक इसके साथ ही कुल संक्रमित एक करोड़ एक लाख 86 हजार से अधिक हो गए हैं। अब तक 97.57 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 1,47,564 मरीजों की जान जा चुकी है। 253 मौतों में सबसे अधिक महाराष्ट्र में 60, दिल्ली में 30, केरल में 21 और उत्तर प्रदेश में 14 मौतें शामिल हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में अब तक 16.71 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। इसमें शुक्रवार को जांचे गए 8.53 लाख नमूने भी शामिल हैं। अरुणाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान एक भी संक्रमित नहीं मिला है। राज्य में अब तक 16,678 संक्रमित मिल चुके हैं और 56 लोगों की जान भी इस महामारी की वजह से गई है। इनमें से 16,454 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और अब सिर्फ 168 सक्रिय मामले ही रह गए हैं। राज्य में मरीजों के उबरने की दर 98.65 फीसद है।
कई दिनों के बाद केरल में पांच हजार से कम नए मामले मिले हैं। 3,527 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 7.35 लाख हो गया है। महाराष्ट्र में 2,854, तमिलनाडु में 1,019, गुजरात में 890 और दिल्ली में 655 नए मामले मिले हैं। इन राज्यों में कुल मरीजों की संख्या क्रमशः 19.16 लाख, 8.13 लाख, 2.40 लाख और 6.22 लाख हो गई है।